Agency:एजेंसियां
Last Updated:
मदुरै की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के दीप स्तंभ पर शनिवार शाम पांच बजे पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 13 सदस्यीय समिति की निगरानी में 30 किलोग्राम घी, 50 मीटर सूती बाती और पांच किलोग्राम कपूर से दीप जलाया गया. सीआरपीएफ के 400 अतिरिक्त जवान तैनात रहे. गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर खुशी जताई, जबकि एम के स्टालिन ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की चुप्पी पर सवाल उठाए. देखिए तस्वीरें. (Photos : PTI)
तमिलनाडु के मदुरै में स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार शाम पांच बजे पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया. लंबे समय से चल रहे कानूनी और धार्मिक विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर यह अनुष्ठान पूरा हुआ. पहाड़ी के शीर्ष पर स्थित पत्थर के स्तंभ यानी दीपथून पर 30 किलोग्राम घी, 50 मीटर सूती बाती और पांच किलोग्राम कपूर के इस्तेमाल से पवित्र दीप जलाया गया.
पूरी प्रक्रिया की निगरानी सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त पूर्व न्यायाधीशों समेत 13 सदस्यीय समिति ने की. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए सीआरपीएफ के 400 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी. दीप प्रज्वलित होते ही श्रद्धालुओं ने ‘वेत्रीवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ के जयकारे लगाए. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुशी जताई है. वहीं द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं.
तिरुप्परनकुंद्रम को भगवान मुरुगन के छह पवित्र धामों में पहला माना जाता है. सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान पहाड़ी के शीर्ष पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी थी. पहले दीप केवल उची पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर जलाया गया था, जिसके बाद अवमानना की तीन कार्यवाहियां शुरू हुईं. शुक्रवार को न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ ने आदेश का पालन न होने पर तमिलनाडु के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई. शीर्ष अदालत ने मंदिर के न्यास बोर्ड के कामकाज को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया. मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को सौंप दी गई.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अदालत ने पहाड़ी पर स्थित दरगाह को पर्याप्त सुरक्षा देने का निर्देश भी दिया. शीर्ष अदालत ने कहा कि वहां आने वाले मुस्लिम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की बाधा नहीं पहुंचनी चाहिए. शनिवार सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी. सुरक्षा कारणों से दीप प्रज्वलन समारोह के दौरान पहाड़ी के शीर्ष तक केवल अधिकृत लोगों को ही जाने दिया गया. संक्षिप्त आरती के बाद मचान के सहारे बने अस्थायी मंच पर खड़े होकर पुजारियों ने शाम पांच बजे दीपक जलाया. दीपक जलने के बाद तलहटी में जुटे कई श्रद्धालु भावुक नजर आए और कुछ भक्तों की आंखों से आंसू छलक उठे. भक्तों ने पारंपरिक ढोल की धुन के बीच जयकारे लगाए.
इस पूरे अनुष्ठान की निगरानी 13 सदस्यीय समिति ने की. इस समिति में सुप्रीम कोर्ट द्वारा कोर्ट रिसीवर नियुक्त किए गए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एस वैद्यनाथन और वी पार्थिबन शामिल थे. इनके अलावा मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और मंदिर के पुजारी भी मौजूद रहे. दीपक की लौ जलने के बाद दोनों न्यायाधीश और पुजारी अस्थायी मचान से नीचे उतरे. न्यायमूर्ति वैद्यनाथन ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के समन्वय से सुरक्षा के इंतजाम बिल्कुल सही थे. उन्होंने जानकारी दी कि इस संबंध में अनुपालन रिपोर्ट जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की जाएगी.
सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ने की आशंकाओं को न्यायमूर्ति वैद्यनाथन ने सिरे से खारिज कर दिया. वैद्यनाथन ने पत्रकारों से कहा, ‘उच्चतम न्यायालय का आदेश पूरा हो गया है’. उन्होंने स्पष्ट किया कि मुस्लिम समुदाय की ओर से कोई विरोध नहीं हुआ और उन्होंने दीपक जलाने पर आपत्ति नहीं जताई. वैद्यनाथन ने आगे कहा, ‘इस मुद्दे का राजनीतिकरण किया जा रहा है’. उन्होंने विभिन्न समुदायों के बीच भाईचारे पर जोर देते हुए कहा कि पहाड़ी पर सद्भाव बना रहा और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.
शिला स्तंभ तक आम लोगों को जाने देने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘पहाड़ी की दुर्गम स्थिति देखिए, क्या यह संभव है?’. इस धार्मिक अनुष्ठान पर खुशी जताते हुए न्यायमूर्ति वैद्यनाथन ने कहा, ‘दीपम प्रज्वलित करके मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है’. वहीं न्यायमूर्ति वी पार्थिबन ने कहा, ‘अपने हाथों से दीपम प्रज्वलित करना बहुत प्रसन्नता की बात है’. उन्होंने खुद को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि ईश्वर ने उन्हें यह अवसर दिया.
दीपाथून पर दीप प्रज्वलित होने के बाद देश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर संदेश साझा कर भगवान मुरुगन से सभी के सुख और कल्याण की कामना की. अमित शाह ने लिखा, ‘वेत्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोहारा! भगवान मुरुगन अपने विजयशाली भाले से बुरी शक्तियों का नाश करते हैं और कार्तिगई दीपम का प्रकाश सभी अंधकार को दूर करता है’. दूसरी तरफ द्रविड़ मुनेत्र कषगम के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने इस विवाद पर चुप्पी साधने को लेकर मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की आलोचना की. स्टालिन ने सोशल मीडिया पर सवाल किया कि क्या विजय अपने सप्ताहांत के आराम के बाद कम से कम सोमवार को इस मुद्दे पर बोलेंगे.
पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन ने आरोप लगाया कि अदालत ने अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़कर ऐसे मामलों में हस्तक्षेप किया है. उन्होंने कहा कि इससे राज्य के अधिकारों और पुरानी परंपराओं से समझौता हुआ है. स्टालिन ने सवाल किया, ‘इस पर मुख्यमंत्री ने अब तक अपना मुंह क्यों नहीं खोला है?’. उन्होंने सरकार पर नौकरशाहों की आड़ लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक जिला कलेक्टर को शिला स्तंभ तक तेल का पात्र ले जाना पड़ा. स्टालिन ने सत्तारूढ़ टीवीके के सहयोगी दलों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि द्रमुक राज्य के अधिकारों और धार्मिक सद्भाव की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी.