झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन जारी है।
.
इसी क्रम में, हजारों की संख्या में युवा बुधवार को राजधानी रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उनकी मांगों में एग्जाम में हुई गड़बढ़ी की CBI जांच और इस मामले पर तय समय-सीमा के भीतर फ़ैसला लेने की बात शामिल है।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी नेताओं ने भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली की सीबीआई जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने ‘झामुमो-कांग्रेस सरकार युवाओं के भविष्य का सौदा बंद करें’ और ‘पेपर लीक बंद करो’ जैसे नारे भी लगाए।

कई जिलों से छात्र इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।
तेज बारिश में उत्साह नहीं हुआ कम
गौरतलब है कि झारखंड के छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर अपनी मांगों को लेकर रांची की सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को राजधानी रांची में मूसलाधार बारिश के बावजूद छात्रों का उत्साह कम नहीं हुआ। वे छाता लेकर पैदल मार्च निकालते और प्रदर्शन करते रहे, जो उनके आक्रोश को दर्शाता है।
आंदोलनकारियों ने सरकार को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि जब तक राज्य की शिक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शी सुधार नहीं होता, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा। इसके अतिरिक्त, आंदोलनरत छात्रों ने सभी राजनीतिक दलों को चेतावनी दी है कि वे इस आंदोलन का राजनीतिक लाभ उठाने या इसका श्रेय लेने का प्रयास न करें।

छात्रों की भीड़ की वजह से फिरायालाल चौक पर जाम लग गया।
फिरायालाल चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं
संविधान यात्रा के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। कचहरी चौक से फिरायालाल चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। इसका असर मेन रोड, रेडियम रोड और लालपुर रोड तक देखा गया, जहां वाहन धीमी गति से चलते रहे।