Last Updated:
SCO Summit 2026: सीमा पर तनाव और कूटनीतिक तल्खी के बीच भारत ने शंघाई सहयोग संगठन के जरिए सांस्कृतिक रिश्तों का बड़ा पासा फेंका है. विदेश मंत्रालय में सचिव (वेस्ट) सिबी जॉर्ज ने नई दिल्ली में एससीओ सदस्य देशों के दूतों के लिए खास लंच आयोजित किया, जिसमें पाकिस्तानी उच्चायोग के चार्ज डी अफेयर्स साद अहमद वराइच भी शरीक हुए.
एससीओ समिट में शामिल होने के लिए पाकिस्तान को भी भारत ने न्योता दिया है.
SCO Summit 2026: भारत के विदेश मंत्रालय में सचिव (वेस्ट) सिबी जॉर्ज ने 29 अक्टूबर को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों और साझेदार देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों के लिए लंच का आयोजन किया. इस दौरान SCO के तहत आपसी सहयोग बढ़ाने, सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने और सभ्यतागत आदान-प्रदान पर चर्चा हुई. बैठक में 20 नवंबर 2026 को होने वाले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम की तैयारियों पर भी बात हुई. भारत ने SCO क्षेत्र के देशों के साथ अपने पुराने सभ्यतागत रिश्तों और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई.
इस बैठक में भारत में पाकिस्तान के चार्ज डी अफेयर्स साद अहमद वराइच भी मौजूद रहे. यह बैठक ऐसे समय में अहम है, जब भारत SCO के मंच के जरिए क्षेत्रीय देशों के साथ सांस्कृतिक और कूटनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहा है. एक दिन पहले ही 28 अक्टूबर को विदेश मंत्रालय ने बताया था कि भारत ने एससीओ के सभी सदस्य देशों को – जिसमें पाकिस्तान भी शामिल है – अगले महीने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होने वाले इस समूह के ‘सभ्यतागत संवाद मंच’ के लिए आमंत्रित किया है.
शायद यह पहली बार है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पिछले साल 7-10 मई को हुई सैन्य झड़पों की पृष्ठभूमि में नई दिल्ली ने पाकिस्तान के किसी वरिष्ठ मंत्री को भारत में होने वाले एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था, “स्थापित परंपरा के अनुसार, हमने एससीओ के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया है. इसके अलावा, हमने संवाद साझेदारों और एक पर्यवेक्षक को भी एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच की बैठक के लिए आमंत्रित किया है, जो 20 से 22 नवंबर तक नयी दिल्ली में आयोजित की जाएगी.”
जायसवाल इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या ‘सभ्यतागत संवाद मंच’ की बैठक में किसी पाकिस्तानी मंत्री को आमंत्रित किया गया था. पता चला है कि पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को इस बैठक में आमंत्रित किया गया है. एससीओ के सभ्यतागत संवाद मंच का आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय (एमईए) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…