कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में भारत-पाकिस्तान के रिश्तों से जुड़े एक ऐसे अनुभव का जिक्र किया है, जो पाकिस्तान की सरकार और सेना के बीच अविश्वास और तनाव की झलक दिखाता है. सोनिया के मुताबिक, जुलाई 1989 में जब वह अपने पति और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ इस्लामाबाद पहुंचीं, तो पाकिस्तान की प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो, उनके पति आसिफ अली जरदारी और तत्कालीन राष्ट्रपति ने एयरपोर्स पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था.
इस यात्रा के दौरान बेनजीर भुट्टो ने राजीव गांधी और उनके साथ आए लोगों को प्रधानमंत्री आवास पर प्राइवेट डिनर के लिए आमंत्रित किया था. सोनिया गांधी ने उस शाम का एक दिलचस्प, लेकिन बेहद महत्वपूर्ण अनुभव साझा किया है. उन्होंने लिखा है कि जब भी बातचीत राजनीतिक मुद्दों की ओर मुड़ती, बेनजीर भुट्टो बैकग्राउंड में बज रहे संगीत की आवाज तेज कर देती थीं. सोनिया के मुताबिक, यह उनका इशारा था कि कमरे में हो रही बातचीत कोई सुन रहा है.
‘राजनीति की बात आते ही तेज कर देती थीं म्यूजिक’
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि 16 जुलाई को इस्लामाबाद पहुंचने पर उनका स्वागत पाकिस्तान के राष्ट्रपति, बेनजीर भुट्टो और उनके पति आसिफ अली जरदारी ने किया था. दिनभर की बैठकों के बाद शाम को उन्हें प्रधानमंत्री आवास पर निजी डिनर के लिए बुलाया गया.
सोनिया के मुताबिक, उस समय माहौल काफी अनौपचारिक था. दोनों देशों के नेता और उनके परिवार के सदस्य उम्र में काफी युवा थे और उनके बीच कई समानताएं थीं. शुरुआत में बातचीत दोस्ताना रही और सभी ने एक-दूसरे के साथ सहजता महसूस की. लेकिन जैसे ही चर्चा राजनीतिक मामलों की तरफ बढ़ती, बेनजीर भुट्टो पीछे बज रहे संगीत की आवाज बढ़ा देती थीं.
सोनिया ने लिखा कि संगीत की आवाज बढ़ाकर बेनजीर यह संकेत देती थीं कि उनकी बातचीत पर किसी की नजर या कान हैं. इस छोटे से इशारे से सोनिया को पाकिस्तान की तत्कालीन सत्ता व्यवस्था की एक बड़ी सच्चाई समझ आई. उनके मुताबिक, यह साबित करता है कि पाकिस्तान की नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री और वहां के सैन्य प्रशासन के बीच भरोसे की भारी कमी थी.
बेनजीर भुट्टो और सेना के बीच अविश्वास की कहानी
दरअसल, बेनजीर भुट्टो दिसंबर 1988 में पाकिस्तान की प्रधानमंत्री बनी थीं. वह देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं और लंबे सैन्य शासन के बाद लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता में लौटी थीं. उनके पिता जुल्फिकार अली भुट्टो को जनरल जिया-उल-हक के सैन्य शासन के दौरान सत्ता से हटाया गया था और बाद में उन्हें फांसी दे दी गई थी. ऐसे राजनीतिक माहौल में बेनजीर की सरकार को सेना और दूसरे ताकतवर संस्थानों के साथ संतुलन बनाकर चलना पड़ रहा था.
राजीव गांधी की पाकिस्तान यात्रा क्यों थी खास?
राजीव गांधी की जुलाई 1989 की पाकिस्तान यात्रा दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से अहम थी. करीब तीन दशक बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री आधिकारिक यात्रा पर पाकिस्तान पहुंचा था. इससे पहले 1960 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पाकिस्तान यात्रा गए थे.
16 जुलाई 1989 को राजीव गांधी इस्लामाबाद पहुंचे थे. उनके स्वागत के लिए बेनजीर भुट्टो और उनके पति आसिफ अली जरदारी मौजूद थे. इस यात्रा का मकसद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव कम करना और आपसी संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ाना था. दोनों प्रधानमंत्रियों ने एक-दूसरे के आंतरिक मामलों में दखल न करने और क्षेत्रीय विवादों को सुलझाने की इच्छा जताई थी.
हालांकि, उस समय भी भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर, सियाचिन, अफगानिस्तान और परमाणु कार्यक्रम जैसे कई संवेदनशील मुद्दे मौजूद थे. दोनों देशों के नेताओं के बीच व्यक्तिगत स्तर पर बेहतर संबंध बनाने की कोशिशें जारी थीं, लेकिन घरेलू राजनीतिक दबाव और सुरक्षा से जुड़े मसले इस प्रक्रिया को जटिल बना रहे थे.