Last Updated:
Protect Salt In Monsoon: बारिश के मौसम में नमक में नमी आना आम समस्या है जिससे ज्यादातर लोग परेशान रहते हैं. इसके लिए कई छोटे-छोटे उपाय किए जा सकते हैं जिनसे नमक सुरक्षित रहेगा. इन उपायों के साथ ही जरूरी है कि नमक को स्टोर भी सही तरीके से करें.
जमशेदपुर. बरसात का मौसम आते ही घर में रखी कई खाने-पीने की चीजों को नमी से बचाना मुश्किल हो जाता है. खासकर नमक बारिश के दिनों में जल्दी नमी पकड़ लेता है और कुछ ही समय में डिब्बे के अंद र गीला होकर चिपकने लगता है. कई बार नमक इतना गीला हो जाता है कि उसे निकालना भी मुश्किल हो जाता है. हालांकि, नमक को नमी से बचाकर लंबे समय तक सूखा और इस्तेमाल के लायक रखने के लिए कुछ आसान घरेलू उपाय किए जा सकते हैं.
एयरटाइट कंटेनर में रखें
सबसे आसान तरीका है कि नमक को हमेशा अच्छी क्वालिटी के एयरटाइट कंटेनर में रखा जाए. बरसात के मौसम में नमक को खुले डिब्बे या ढक्कन वाले ऐसे बर्तन में रखने से बचना चाहिए, जिसमें हवा आसानी से अंदर जा सके. कंटेनर पूरी तरह सूखा होना चाहिए और नमक निकालने के बाद उसका ढक्कन तुरंत बंद कर देना चाहिए. इसे गैस, सिंक या ऐसी जगह के पास रखने से भी बचें, जहां भाप और नमी ज्यादा रहती है.
चावल भी डाल सकते हैं
नमक को सूखा रखने के लिए एक पुराना घरेलू तरीका चावल का भी है. एयरटाइट कंटेनर में नमक भरने के बाद उसमें थोड़े से सूखे चावल डाल सकते हैं. चावल अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करते हैं, जिससे नमक के गीला होकर गांठ बनने की संभावना कम हो जाती है. हालांकि, चावल की मात्रा बहुत ज्यादा नहीं होनी चाहिए और कंटेनर को साफ-सुथरा रखना जरूरी है. चावल को समय-समय पर बदल देना भी बेहतर रहता है.
अगर सील गया है नमक
अगर नमक पहले से ही नमी पकड़ चुका है, तो उसे दोबारा सूखा करने के लिए तवे का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए नमक को साफ और सूखे तवे पर डालकर धीमी आंच पर कुछ देर हल्का गर्म करें. नमक को लगातार चलाते रहें, ताकि वह एक जगह ज्यादा गर्म न हो. जब उसमें मौजूद नमी निकल जाए, तो गैस बंद कर दें और नमक को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इसे किसी साफ और सूखे एयरटाइट कंटेनर में भरकर रख दें. गर्म नमक को तुरंत बंद डिब्बे में नहीं डालना चाहिए, क्योंकि उससे अंदर भाप बन सकती है.
कंटेनर को सूखा रखें
इसके अलावा नमक निकालने के लिए हमेशा सूखा चम्मच इस्तेमाल करें. गीले हाथ या गीला चम्मच कंटेनर के अंदर जाने से नमी बढ़ सकती है. नमक के डिब्बे को धूप वाली सूखी जगह पर कुछ समय रखने से भी नमी कम करने में मदद मिल सकती है, लेकिन कंटेनर को अच्छी तरह बंद करके रखने की जरूरत है.
बरसात में नमक को फ्रेश रखने का सबसे जरूरी नियम यही है कि उसे नमी और भाप से दूर रखा जाए. एयरटाइट कंटेनर, थोड़े से सूखे चावल और जरूरत पड़ने पर धीमी आंच पर हल्का गर्म करने जैसे आसान घरेलू तरीकों से नमक को लंबे समय तक सूखा रखा जा सकता है. इन छोटी-छोटी सावधानियों से बारिश के मौसम में रोजमर्रा की रसोई में होने वाली परेशानी को आसानी से कम किया जा सकता है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें