Last Updated:
भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर अजीब टेंशन! कैमरे में कैद हुई घुसपैठियों की करतूत, हमारी जमीन से चुरा ले गए हरी सब्जियां, फसलों को तहस-नहस कर दिया.
भारतीय जमीन से सब्जी चुराते और फसल बर्बाद बांग्लादेशी युवक.
हिंदुस्तान-बांग्लादेश बॉर्डर पर जो सब्जियां भारत के किसान मेहनत करके उगा रहे हैं, उन्हें बांग्लादेशी लेकर भाग जाते हैं. बांग्लादेश की तरफ से आए युवक दिनदहाड़े सब्जियां लेकर भाग रहे हैं और पौधे भी उखाड़ देते हैं. बांग्लादेशी सेना के जवान भी तब कुछ करते हैं जब फसल बर्बाद होने लगती है. इसका एक वीडियो भी है, जो इस खबर में लगा है, उसे देखकर आपको सारी बात समझ आ जाएगी.
दिनदहाड़े खेतों में घुसे युवक, सब्जियां तोड़कर भागे
ये पूरी घटना भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी कंटीली बाड़ के पास स्थित खेतों की है. ग्राउंड से मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ बांग्लादेशी युवक सीमा पार करके भारतीय किसानों के खेतों तक पहुंच गए. उन्होंने खेतों में लगी ताजा हरी सब्जियों को उखाड़ा, उन्हें इकट्ठा किया और अपने साथ लेकर चले गए. ये सब कुछ दिन के उजाले में हुआ. खेतों से इस तरह फसल चोरी होने से किसानों को काफी नुकसान हो रहा है.
जवानों के सामने हुई हरकत, ग्रामीण नाराज
इस घटना ने बॉर्डर के पास रहने वाले भारतीय ग्रामीणों को सबसे ज्यादा इसलिए परेशान किया है, क्योंकि यह चोरी सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में हुई है. वीडियो में देख सकते हैं कि जब सब्जियां तोड़ ली गईं, पौधे उखाड़ लिए गए तब जाकर बांग्लादेशी जवान लोगों को वहां से हटा रहे हैं.
ग्रामीणों का आरोप है कि जब ये युवक भारतीय खेतों से सब्जियां बटोर रहे थे, तब सीमा के दूसरी तरफ ‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश’ के जवान भी वहां मौजूद थे. लोगों का कहना है कि यह पूरी हरकत साफ-साफ दिखाई दे रही थी, इसके बावजूद दूसरी तरफ से उन युवकों को रोकने या टोकने की कोई कोशिश नहीं की गई.
बॉर्डर पर खेती करना मुश्किल
बॉर्डर के इलाकों में खेती करना पहले से ही मुश्किल काम है, और अब इस तरह की घटनाओं ने किसानों की मुसीबतें और ज्यादा बढ़ा दी हैं. किसानों का कहना है कि वे दिन-रात एक करके, पैसे लगाकर फसल तैयार करते हैं. लेकिन जब फसल कटने का वक्त आता है, तो सीमा पार से होने वाली इस चोरी के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ता है. इस तरह की हरकतों की वजह से सीमावर्ती गांवों में रहने वाले किसान अब अपने ही खेतों में जाने से डरने लगे हैं और वहां बेवजह का तनाव पैदा हो रहा है.
किसानों ने की मांग, ‘बांग्लादेशी अधिकारियों से बात करे प्रशासन’
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और किसानों ने भारतीय प्रशासन और सुरक्षा बलों से कड़े कदम उठाने की अपील की है. ग्रामीणों का कहना है कि भारतीय अधिकारियों को इस मुद्दे पर बांग्लादेश के अधिकारियों के साथ बात करनी चाहिए, ताकि वे अपने नागरिकों को ऐसी हरकतें करने से रोकें. किसानों ने मांग की है कि खेतों के आस-पास सुरक्षा और गश्त बढ़ाई जाए, जिससे किसान बिना किसी डर के अपनी जमीनों पर खेती कर सकें और सुरक्षित महसूस करें.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें