भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

अपनी कला व संस्कृति को जीवंत रखना हमारा दायित्व : राजेश झा




सिटी रिपोर्टर | बोकारो अपनी भाषा, संस्कृति और परंपरा हमारी अमूल्य धरोहर है। इसे जीवंत और अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसकी शुरुआत अपने घर से ही करनी होगी। यह बातें बोकारो इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (सीआरएम-3) राजेश कुमार झा ने कहीं। वे शनिवार देर शाम सेक्टर-4ई स्थित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल परिसर में मिथिला सांस्कृतिक परिषद की ओर से आयोजित 59वें विद्यापति स्मृति पर्व समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बोकारो में सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास के क्षेत्र में परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छह दशकों से अधिक समय तक अपनी संस्कृति और विरासत को संरक्षित रखने का प्रयास गौरव की बात है। उन्होंने महाकवि विद्यापति के साहित्यिक योगदान और उनकी महानता पर भी प्रकाश डाला। इसके पूर्व मुख्य अतिथि सहित परिषद के अध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी, महासचिव नीरज चौधरी, राजेंद्र कुमार, कृष्ण चंद्र झा, विजय कुमार झा सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्मारक स्थल पर महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद अतिथियों का पाग-डोपटा देकर सम्मान किया गया। डॉ. रणजीत कुमार झा के नेतृत्व में स्वस्ति वाचन और मंगलदीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। अध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने परिषद की छह दशकों की सांस्कृतिक यात्रा की जानकारी दी। महासचिव नीरज चौधरी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मिथिला एकेडमी के विद्यार्थियों ने विद्यापति रचित ‘जय-जय भैरवि असुर भयाउनि’ की प्रस्तुति के साथ सामा-चकेवा गीत और शिव-स्तुति पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद गायक अरविंद सिंह, वर्षा झा और सोनी चौधरी ने मैथिली गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार झा ने किया। समारोह में हजारों की संख्या में मिथिलावासी शामिल हुए।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top