![]()
रांची समेत झारखंड के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सुबह तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर बाद कई जगहों पर तेज हवा और बारिश का दौर शुरू हो जा रहा है। सोमवार को राजधानी रांची में दिनभर उमस बनी रही। दोपहर बाद करीब आधे घंटे तक तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इसके बावजूद तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं आई। रांची का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 43.4 डिग्री तक पहुंच गया। रांची, गुमला, खूंटी सहित 7 जिले में ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग ने 19 मई के लिए रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। साथ ही गरज के साथ बारिश और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। इन जिलों में अचानक मौसम बदलने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। 20 और 21 मई को खराब रहेगा मौसम 20 और 21 मई को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। रांची के अलावा गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में तेज हवा चलेगी। वहीं बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों में तेज आंधी-तूफान का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और फसलों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। पश्चिमी जिलों में लू, पठारी क्षेत्रों में राहत एक ओर जहां पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जैसे पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर रहेगा, वहीं रांची, खूंटी, गुमला और सिमडेगा जैसे पठारी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस कारण तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दूसरी ओर पश्चिमी जिलों में तापमान 41 से 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। कुल मिलाकर झारखंड का मौसम अगले तीन दिनों तक मिश्रित रहेगा, जहां कहीं राहत तो कहीं परेशानी बनी रहेगी।
Source link