क्राइम रिपोर्टर | रांची रेलवे के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन नार्कोस के तहत आरपीएफ की संयुक्त टीम ने टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर 15 किलो गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। 7 और 8 नवंबर की मध्यरात्रि आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची और आरपीएफ पोस्ट रांची की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18624 हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के टाटीसिलवे स्टेशन पहुंचने पर उसके पिछले जनरल कोच में चार संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर तीन बैगों से कुल 15 किलो गांजा बरामद हुआ। डीडी किट से गांजे की प्रारंभिक पुष्टि की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र, सनी और वर्मा (तीनों निवासी कुशीनगर, उत्तर प्रदेश) तथा विशाल यादव (निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा के बलांगीर से विशाल यादव ने मंगवाई थी। इसके बाद तीन अन्य आरोपियों के माध्यम से इसे पटना के रास्ते बिहार के चंपारण क्षेत्र तक पहुंचाने की योजना थी। इस काम के बदले आरोपियों को पैसे मिलनेवाले थे। पूरी कार्रवाई सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ रांची प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन और पर्यवेक्षण में की गई। आरपीएफ फ्लाइंग टीम के उपनिरीक्षक रवि शेखर ने अभियान का नेतृत्व किया। चारों आरोपियों को गांजा, तीन बैग, चार मोबाइल फोन और जब्ती से संबंधित दस्तावेजों के साथ राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। खरीदारों की पहचान के लिए आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
Source link