![]()
शहर के मिठाई व्यवसायियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर और पीएनजी की कीमतों में वृद्धि के बाद मिठाइयों के दाम 15 से 20% तक बढ़ाने का फैसला किया है। बढ़ती महंगाई और उत्पादन लागत में अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मिठाइयों की नई दरें शुक्रवार, 08 मई 2026 से लागू हो गई हैं। मिठाई व्यवसायी राजू मोदी ने बताया कि लगातार बढ़ती उत्पादन लागत के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है। व्यवसायियों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में व्यावसायिक गैस सिलिंडर के दाम में डेढ़ गुना तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही दूध, खोवा, घी, चीनी, ड्राई फ्रूट्स, बिजली, पैकेजिंग सामग्री और मजदूरी जैसी अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी लगातार वृद्धि हुई है। पुराने मूल्य पर व्यवसाय चलाना मुश्किल व्यवसायियों का कहना है कि अब तक ग्राहकों को पुराने दामों पर मिठाइयां उपलब्ध कराई जा रही थीं। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों में उसी मूल्य पर व्यवसाय चलाना मुश्किल हो गया था, जिसके कारण विभिन्न मिठाइयों की कीमतों में 15 से 20% तक की वृद्धि की गई है। राजू मोदी ने बताया कि कुछ महीने पहले 19 किलोग्राम का कमर्शियल सिलिंडर 1700 रुपए में मिलता था, जो अब 3400 रुपए का हो गया है। इसी तरह, पीएनजी की कीमत भी 1500 रुपए प्रति यूनिट से बढ़कर 2900 रुपए प्रति यूनिट हो गई है। बढ़ी हुई कीमतों से ग्राहकों को कुछ असुविधा हुई है, लेकिन व्यवसायी मानते हैं कि ग्राहक भी सिलिंडर और अन्य सामग्रियों की बढ़ी हुई कीमतों से अवगत हैं।
Source link