![]()
छठ महापर्व की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय अंश कुमार की जान चली गई। बरसाती नदी में नहाने के दौरान डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना अहिल्यापुर थाना क्षेत्र की रसनजोरी पंचायत के पचनटांड़ गांव की है। अंश अपने परिवार की दो बड़ी बहनों का इकलौता भाई था। वह छठ मनाने के लिए धनबाद से परिजनों के साथ गांव आया था। घर में पर्व की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। अंश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में छठ को लेकर उत्साह था, वहां पलभर में मातम छा गया। शव गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। दादा के साथ छठ मनाने गांव आया था अंश मृतक के पिता का नाम अशोक मंडल है। वह पचनटांड़ के रहने वाले हैं। उसका परिवार धनबाद के हीरापुर में रहता है। अंश वहां एक निजी विद्यालय में छठी कक्षा का छात्र था। उसके दादा द्वारिका मंडल गांव में छठ महापर्व मनाते हैं। इसी वजह से अंश गुरुवार को अपने परिजनों के साथ गांव पहुंचा था। परिवार के लोग पर्व की तैयारियों में जुटे थे। अंश गांव के कुछ बच्चों के साथ बरसाती नदी में नहाने चला गया। इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने नदी से निकाला, अस्पताल में मृत घोषित बच्चों की आवाज सुनकर एक ग्रामीण ने फोन कर अंश के चाचा को हादसे की सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण तेजी से नदी की ओर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से अंश को पानी से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तुरंत गांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही माता-पिता बेसुध हो गए। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
Source link