Last Updated:
कोडरमा की गृहिणी राधिका प्रजापति ने बच्चों के लिए घर पर बनने वाले हेल्दी कुकीज की आसान रेसिपी साझा की है. इन कुकीज में मैदा और चीनी की जगह दरदरा गेहूं का आटा और गुड़ का उपयोग किया जाता है, जबकि सूखा नारियल और सौंफ स्वाद व पोषण बढ़ाते हैं. बिना प्रिजर्वेटिव, कृत्रिम रंग और पाम ऑयल के तैयार होने वाले ये कुकीज बच्चों के लिए स्वादिष्ट और बेहतर होते हैं
कोडरमा. आजकल बच्चों में कुकीज और बिस्कुट खाने का शौक तेजी से बढ़ रहा है. बाजार में कई तरह के कुकीज उपलब्ध हैं. लेकिन इनमें मैदा, अधिक मात्रा में चीनी, प्रिजर्वेटिव और पाम ऑयल का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे उत्पादों के नियमित सेवन को लेकर कई अभिभावक बच्चों की सेहत को लेकर चिंतित रहते हैं. ऐसे में कोडरमा की गृहिणी राधिका प्रजापति घर पर गेहूं के आटे और गुड़ से तैयार होने वाले हेल्दी कुकीज का आसान तरीका बताया है जो स्वाद के साथ-साथ पौष्टिकता भी प्रदान करता है.
ऐसे तैयार करें कुकीज़ के लिए सामग्रियों का मिश्रण
राधिका प्रजापति ने बताया कि बच्चों को खुश करने के साथ उनकी सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है. उन्होंने बताया कि घर पर आसानी से बनने वाले हेल्दी कुकीज तैयार करने के लिए कुकीज में मैदा की जगह दरदरा पिसा हुआ गेहूं का आटा, चीनी की जगह गुड़, कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल और सौंफ का इस्तेमाल किया जाता है. इससे कुकीज का स्वाद भी बढ़ता है और पोषण भी मिलता है. उन्होंने बताया कि कुकीज बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में दरदरा पिसा हुआ गेहूं का आटा लें. इसमें कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल और सौंफ मिलाएं. इसके बाद थोड़ा सा रिफाइंड तेल डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें गुड़ की चाशनी डालकर नरम आटा गूंथ लें.
बिना किसी प्रिजर्वेटिव और कृत्रिम रंग के कई दिनों तक कर सकते हैं इस्तेमाल
उन्होंने बताया कि आटा तैयार होने के बाद उसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाकर गोल आकार दें. चाहें तो किसी सांचे की मदद से कुकीज का आकार बनाया जा सकता है. ऊपर से कांटे या अन्य डिजाइनिंग टूल की सहायता से आकर्षक डिजाइन बनाएं. इसके बाद इन्हें धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक इनका रंग सुनहरा न हो जाए. कुकीज ठंडे होने के बाद इन्हें एयरटाइट कंटेनर में सुरक्षित रखा जा सकता है और कई दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि घर पर बने ये कुकीज न केवल बच्चों को पसंद आते हैं. बल्कि इनमें किसी प्रकार का कृत्रिम रंग, प्रिजर्वेटिव या पाम ऑयल भी नहीं होता. गुड़ प्राकृतिक मिठास के साथ आयरन सहित कई पोषक तत्वों का स्रोत माना जाता है, जबकि गेहूं का आटा फाइबर प्रदान करता है. नारियल और सौंफ स्वाद के साथ सुगंध भी बढ़ाते हैं.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें