गुमला|घाघरा थाना क्षेत्र के गिरजा टोली निवासी पतरस बरला 57 की शनिवार देर रात विषैले सांप के डसने से मौत हो गई। रविवार सुबह परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर घाघरा पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। परिजनों के अनुसार, पतरस बरला शनिवार रात अपने घर में जमीन पर बिस्तर बिछाकर सो रहे थे। रात करीब एक बजे एक विषैले सांप ने उनके हाथ में डस लिया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। अस्पताल पहुंचने में हुई देरी के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
Source link