Last Updated:
Jharkhand Weather 31 October: झारखंड में चक्रवात अर्नब का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है. इसके बाद भी बारिश की संभावना बनी हुई है. राजधानी रांची में आज सुबह से कोहरा छाया रहा. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान बढ़ सकता है. इससे सुबह और शाम को हल्की ठंड बनी रहेगी.
झारखंड वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
रांचीः झारखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। चक्रवाती तूफान अर्नब के असर की वजह से राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है और आसमान में बादल छाए हुए हैं। हालांकि, आज 31 अक्टूबर और शनिवार के दिन से इस चक्रवात का प्रभाव कम होना शुरू हो गया है। इस बेमौसम बारिश और बादलों के कारण राज्य में ठंड का अहसास काफी बढ़ गया है। आज सुबह-सुबह रांची में घना कुहासा भी छाया रहा। हालांकि, जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान कुछ जगहों पर बादलों की गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। बीते शुक्रवार को रांची में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। सुबह की शुरुआत कुहासे के साथ हुई थी, और दोपहर के समय कुछ देर के लिए हल्की धूप भी खिली थी। इसके बावजूद मौसम में काफी ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब छह डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी रांची में कुल 8.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
राजधानी के अलावा झारखंड के कई अन्य जिलों में भी अच्छी खासी बारिश हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान डालटनगंज में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा जमशेदपुर में 20.6 मिमी, बोकारो में 17.4 मिमी और चाईबासा में 2.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। इस बारिश और बादलों के डेरा डालने से पूरे राज्य में मौसम का मिजाज बिल्कुल सुहाना और सर्द हो गया है।
मौसम विभाग ने आगामी 5 नवंबर तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। आज 31 अक्टूबर की सुबह कुहासा रहने के बाद, आने वाली 1 और 2 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। इस दौरान कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 3 नवंबर को भी मौसम का यही रुख बना रहने की उम्मीद है। इसके बाद 4 नवंबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन की संभावना है। फिर 5 नवंबर की सुबह हल्की धुंध या कुहासा छा सकता है, जिसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ होने की संभावना है।
तापमान को लेकर विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद के दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। वहीं, न्यूनतम तापमान अगले पाँच दिनों तक लगभग एक जैसा ही बना रहेगा। यही वजह है कि सुबह और शाम के वक्त ठंड का अहसास लगातार बना रहेगा।
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…