Last Updated:
गोड्डा में दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हो गई. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और दो किशोरियां शामिल थीं. सभी लोग रांची से असम के सिलचर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान चालक को झपकी आ गई. गाड़ी तेज रफ्तार में थी, जिससे नियंत्रण बिगड़ गया. गाड़ी पहले राइट साइड डिवाइडर से टकराई, फिर करीब 20 फुट हवा में उछलते हुए लेफ्ट साइड पुल की दीवार से जा भिड़ी.

गोड्डा में फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा (AI इमेज)
गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. गोड्डा फोरलेन पर पथरगामा थाना क्षेत्र के अमडीहा के पास आज सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में एक 17 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए.
एक झपकी बनी हादसे का कारण
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो एन गाड़ी में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और दो किशोरियां शामिल थीं. सभी लोग रांची से असम के सिलचर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान गाड़ी चला रहे देव तिवारी को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया.
हादसे का मंजर भयावह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार गाड़ी पहले सड़क के दाहिने तरफ बने डिवाइडर से टकराई और फिर करीब 20 फीट तक हवा में उछलते हुए बाईं ओर पुल की दीवार से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे का मंजर इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए.
स्थानीय लोगों ने की मदद
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय सारा तिवारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं ब्यूटी सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि चालक देव तिवारी के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए हैं. अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं, जिनमें एक करीब 12 साल की बच्ची शामिल है.
बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर
घायलों में से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है. यह दुर्घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की याद दिलाती है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें