Last Updated:
सावन का महीना चल रहा है. इस समय देशभर के शिव मंदिरों में शिवभक्तों की भारी भीड़ रहती है. शिवभक्त मंदिरों में जाकर अपनी क्षमता और सामर्थ्य के अनुसार दान पत्रों में दान भी डाल रहे हैं. ऐसा ही फेमस शिव धाम बाबाधाम है. यहां तो सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि नेपाल से लेकर भूटान, यूएई और थाइलैंड सहित कई अन्य देशों से भी भोले के भक्त पहुंचे हैं. इसकी जानकारी इस बात से मिलती है कि यहां बाबा धाम के दान पत्र में….
सावन का पावन महीना चल रहा है और इस दौरान देश के कोने-कोने से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलार्पण के लिए शिवालय पहुंच रहे हैं. देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में तो आस्था का अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है. 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ पर जल चढ़ाने के लिए देश ही नहीं, विदेशों से भी श्रद्धालु कांवर लेकर बाबाधाम पहुंच रहे हैं.
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में कांवरियों की लंबी कतार देखने को मिल रही है. श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बाबाधाम पहुंच रहे हैं और बाबा पर जल अर्पित कर रहे हैं. मान्यता है कि सावन में बाबा भोलेनाथ पर एक पात्र जल चढ़ाने से भगवान प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामना पूरी करते हैं. इसी आस्था के साथ कांवरिए बाबा का जलाभिषेक कर रहे हैं.
जलार्पण के साथ बाबा मंदिर में भक्तों की ओर से चढ़ावा भी खूब चढ़ाया जा रहा है. पिछले 15 दिनों में 28 लाख से ज्यादा कांवरियों ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया है. इस दौरान श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए चढ़ावे से मंदिर को करीब 3 करोड़ 54 लाख 59 हजार रुपये की आमदनी हुई है. सावन मेले में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच मंदिर की आमदनी भी लगातार बढ़ रही है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बाबा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे के लिए कुल 18 दानपात्र लगाए गए हैं. मंदिर प्रशासन की देखरेख में इन सभी दानपात्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच खोला गया. दानपात्रों से निकली रकम को मंदिर प्रशासनिक भवन में सुरक्षित रखा गया, जिसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में इसकी गिनती की गई. इस दौरान दानपात्र से बड़ी मात्रा में भारतीय मुद्रा प्राप्त हुआ.
दानपात्र की गिनती के दौरान भारतीय नोटों के साथ अलग-अलग देशों की करेंसी भी मिली. गिनती में भारतीय मुद्रा 23 लाख 74 हजार 434 रुपये, नेपाली मुद्रा 8 हजार 955, भूटानी मुद्रा 31, गुयाना डॉलर 1500, यूएई दिरहम 50 और थाईलैंड की मुद्रा 100 मिली. इससे साफ है कि बाबा बैद्यनाथ के दरबार में देश ही नहीं, विदेशों से आने वाले श्रद्धालु भी अपनी श्रद्धा के अनुसार चढ़ावा अर्पित कर रहे हैं.
सावन में बाबाधाम का पूरा इलाका बोल बम के जयकारों से गूंज रहा है. कांवरियों की भीड़, गेरुआ वस्त्र और कंधे पर कांवर का नजारा हर तरफ दिखाई दे रहा है. श्रद्धालु बाबा पर जल चढ़ाने के साथ अपनी श्रद्धा के अनुसार चढ़ावा भी अर्पित कर रहे हैं. मंदिर प्रशासन की ओर से दानपात्रों को खोलने और रकम की गिनती की पूरी प्रक्रिया सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई.