![]()
दुमका के जरमुंडी से भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के नोनीहाट स्थित आवास में रहकर खाना बनाने वाले सोनू राउत (30) की सोमवार देर शाम संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। हंसडीहा थाना पुलिस ने सोनू का शव उसके डाकबंगला स्थित कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के परिजनों ने विधायक, उनके दामाद समेत परिवार के नौ सदस्यों पर हत्या कर शव को पंखे से लटकाने का आरोप लगाया है। चाचा सुनील राउत के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोनू देवघर का रहने वाला था। इधर, विधायक देवेंद्र कुवर का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, पर उनका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिला। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मृतक की पत्नी शिल्पी कुमारी ने बताया कि उसके पति छह महीने से विधायक के यहां रहकर खाना बनाने का काम करते थे। सोमवार देर शाम पति को काम पर रखने वाले व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उन्होंने फांसी लगाकर जान दे दी है। सूचना मिलते ही चाचा सुनील राउत और मां मुन्नी देवी विधायक के घर पहुंचे। वहां सोनू का शव पंखे से लटका हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होगी
विधायक समेत परिवार के नौ सदस्यों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि सोनू ने फांसी लगाई थी या हत्या हुई है। -अजीत कुमार, थाना प्रभारी, हंसडीहा थाना
Source link