Last Updated:
झारखंड में आज मौसम का मिजाज बिगड़ गया है. मौसम विभाग ने रांची समेत 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. गरज के साथ वज्रपात की भी आशंका है. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
झारखंड वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
रांचीः झारखंड में आज शनिवार (18 जुलाई) को मौसम का मिजाज बिगड़ने के पूरे आसार हैं. मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में गर्जन, वज्रपात (बिजली गिरने) और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है. खासकर उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के जिलों में मौसम का ज्यादा असर दिख सकता है. रांची, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे. साथ ही रुक-रुककर तेज बारिश का दौर जारी रहेगा. मौसम के इस बदलाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क कर दिया गया है.
40 से 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
- मौसम विभाग ने आज के लिए विशेष चेतावनी जारी की है. राज्य के विभिन्न इलाकों में आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं के साथ जोरदार गर्जन और वज्रपात होने का भी खतरा है. इससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है. मौसम विभाग ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के उपाय करने की सलाह दी है. आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े न हों.
आगामी 23 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?
- विभाग के अनुसार, कल यानी 19 जुलाई को भी पूरे राज्य में मौसम का यही हाल रहेगा. इसके बाद 20 और 21 जुलाई को दक्षिण-पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इन दो दिनों में भी तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. हालांकि, 22 और 23 जुलाई को मौसम में थोड़ा सुधार होगा और यह अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है.
क्यों बदला मौसम और कैसा रहा तापमान?
- मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर ओडिशा के पास बना लो-प्रेशर (कम दबाव का क्षेत्र) अब कमजोर पड़ रहा है. यह वर्तमान में गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड के हिस्सों में स्थित है. हालांकि, राज्य में मानसून ट्रफ अभी पूरी तरह सक्रिय है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. कुछ जगहों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई. लातेहार के बालूमाथ में सबसे ज्यादा 100 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. तापमान की बात करें तो बोकारो थर्मल में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
22 जिलों में सूखे जैसे हालात, 40% कम बरसे बादल
- झारखंड में इस साल मानसून की रफ्तार काफी कमजोर है. 1 जून से 17 जुलाई तक के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में सामान्य से 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है. राज्य के 24 में से 22 जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी नीचे है. इससे खेतों में दरारें पड़ने और सूखे जैसी स्थिति बनने के संकेत मिल रहे हैं. गढ़वा में 72%, चतरा में 70% और कोडरमा में 63% कम बारिश हुई है। ये जिले ‘स्कैंटी’ यानी बेहद कम बारिश वाली श्रेणी में आ गए हैं. देवघर, पाकुड़, हजारीबाग और साहिबगंज में भी 50 प्रतिशत से अधिक की कमी है. केवल सिमडेगा में सबसे कम (-14%) कमी रही, जो सामान्य के करीब है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.