Last Updated:
गांव के लोगों में डर और चिंता बढ़ गई है. कई लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर यह कौन-सी बीमारी है, जिससे एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, पीड़ित परिवार ने इलाज के साथ-साथ झाड़-फूंक का भी सहारा लिया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ.
पलामू में अज्ञात बीमारी से 5 मौतें (AI इमेज)
पलामू: झारखंड के पलामू जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है. पंडवा थाना क्षेत्र के सिक्का गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की रहस्यमयी बीमारी से मौत हो गई है. लगातार हुई इन मौतों से पूरे गांव में दहशत का माहौल है. वहीं, तीन अन्य सदस्य रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है. अब तक बीमारी की असली वजह सामने नहीं आ सकी है.
एक परिवार के पांच लोगों की मौत
मृतकों में कुलदीप मेहता, उनकी दो बेटियां, एक बेटा और बहू शामिल हैं. बताया जा रहा है कि करीब दो सप्ताह पहले परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई थी. सबसे पहले शरीर पर दाग और अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दिए. इसके बाद एक-एक कर परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. इनमें से दो लोगों ने रिम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ा.
पांच लोगों का अंतिम संस्कार
परिवार के सदस्य अनुज मेहता ने बताया कि उन्होंने अपने हाथों से परिवार के पांच लोगों का अंतिम संस्कार किया. लेकिन अब तक प्रशासन या सरकार की ओर से किसी तरह की सहायता नहीं मिली है. उनका कहना है कि इस दुख की घड़ी में परिवार पूरी तरह अकेला पड़ गया है. वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम गांव नहीं पहुंची है. बीमारी की जांच या लोगों की स्वास्थ्य जांच भी नहीं कराई गई है.
लोगों में डर और चिंता
अब गांव के लोगों में डर और चिंता बढ़ गई है. कई लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर यह कौन-सी बीमारी है, जिससे एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, पीड़ित परिवार ने इलाज के साथ-साथ झाड़-फूंक का भी सहारा लिया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. फिलहाल कुलदीप मेहता की पत्नी समेत तीन अन्य परिजनों का रिम्स में इलाज जारी है.
स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल
इस घटना के बाद इलाके में स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मेडिकल टीम गांव पहुंचकर जांच करती और बीमारी की सही पहचान होती, तो शायद हालात इतने गंभीर नहीं होते. हालांकि, भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया है.
आर्थिक सहायता देने की मांग
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत किस बीमारी से हुई. स्वास्थ्य विभाग अब तक इसकी जांच के लिए सक्रिय क्यों नहीं हुआ. ग्रामीण प्रशासन से जल्द मेडिकल जांच, बीमारी की पहचान और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें