Last Updated:
Deoghar Punashi Dam Best Place To Visit: बाबा बैद्यनाथधाम के दर्शन के लिए देवघर आएं तो पुनाशी डैम जरूर घूमें. यहां की शांति, हरियाली और सुकून आपका मन मोह लेंगे और ऐसा लगेगा जैसे आप किसी विदेशी जगह पर आ गए हैं. लोकल के साथ ही बाहर से आने वाले पर्यटक भी यहां जरूर आते हैं.
देवघर. झारखंड का देवघर वैसे तो पूरी दुनिया में बाबा नगरी के नाम से प्रसिद्ध है. यहां स्थित बाबा बैद्यनाथधाम बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं. सावन के महीने में तो यहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता है. लेकिन देवघर सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल के लिए भी लोगों की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है.
यहां कई ऐसे पर्यटन स्थल मौजूद हैं जहां पहुंचकर लोग कुछ समय के लिए शहर की भागदौड़ और तनाव भरी जिंदगी को भूल जाते हैं. इन्हीं खूबसूरत जगहों में एक नाम है पुनाशी डैम का, जो आजकल पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
शहर से 15 किलोमीटर की दूरी पर है यह डैम
पुनाशी डैम देवघर शहर से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर पुनाशी गांव में स्थित है. यह जगह खासकर उन लोगों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है, जो प्रकृति के बीच शांत और सुकून भरा समय बिताना चाहते हैं. चारों तरफ फैला पानी, हल्की ठंडी हवाएं, हरियाली से घिरा वातावरण और शाम के समय डूबता सूरज इस जगह की खूबसूरती को और भी खास बना देता है. यहां पहुंचते ही लोगों को ऐसा महसूस होता है जैसे वे शहर के शोर-शराबे से बहुत दूर किसी शांत दुनिया में आ गए हों.
यहां पहुंचकर आती है विदेश जैसी फील
गर्मी के दिनों में पुनाशी डैम लोगों को काफी राहत देता है. जब शहरों में तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान रहते हैं, तब यहां का ठंडा और प्राकृतिक माहौल लोगों को सुकून पहुंचाता है. खासकर शाम के समय यहां लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है. स्थानीय लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ यहां घूमने पहुंचते हैं, वहीं बाहर से आने वाले पर्यटक भी इस जगह की सुंदरता का आनंद लेने आते हैं.
कई लोग पानी के किनारे बैठकर घंटों प्रकृति को निहारते रहते हैं, तो कुछ लोग मोबाइल और कैमरे से यहां की खूबसूरत तस्वीरें कैद करते नजर आते हैं. यहां पहुंचने के बाद आपको विदेश जैसी फील आएगी.
ठंडी हवा और शांत पानी पर्यटकों को करता है आकर्षित
पुनाशी डैम सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि मानसिक शांति महसूस करने का भी एक शानदार स्थान है. यहां का शांत वातावरण लोगों के मन को काफी सुकून देता है. सुबह और शाम के समय यहां का नजारा बेहद मनमोहक दिखाई देता है. आसमान में उड़ते पक्षी, पानी में पड़ती सूरज की किरणें और आसपास की हरियाली इस जगह को और भी आकर्षक बना देती है. यही वजह है कि धीरे-धीरे यह जगह युवाओं, परिवारों और प्रकृति प्रेमियों की पसंदीदा लोकेशन बनती जा रही है.
यह ट्रिप आपको अलग ही अनुभव देगा
अगर आप भी कभी देवघर आएं और बाबा बैद्यनाथधाम में पूजा करने के बाद कुछ शांत और खूबसूरत पल बिताना चाहें, तो पुनाशी डैम जरूर जाएं. यहां का प्राकृतिक नजारा, ठंडी हवाएं और सुकून भरा माहौल आपको एक अलग ही अनुभव देगा. यह जगह उन लोगों के लिए बिल्कुल परफेक्ट है, जो प्रकृति के करीब रहकर कुछ यादगार पल बिताना चाहते हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें