भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

टाटीसिल्वे फ्लाईओवर हुआ जानलेवा, 8 दिन के अंदर दो लोगों की गई...



अखिलेश कुमार रांची-पुरूलिया मुख्य मार्ग स्थित आरा और टाटीसिल्वे फ्लाईओवर इन दिनों दोपहिया वाहन चालकों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहे हैं। फ्लाईओवर के दोनों किनारों पर जमा बालू, खराब स्ट्रीट लाइट और तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दुर्घटनाओं और मौतों के बावजूद संबंधित विभाग अब तक समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, फ्लाईओवर के दोनों किनारों पर लंबे समय से बालू का ढेर जमा है। भारी वाहनों के आवागमन के दौरान बालू सड़क पर फैलता जा रहा है। ऐसे में जब बाइक या स्कूटी चालक बड़े वाहनों से बचने के लिए सड़क के किनारे जाते हैं, तो उनके वाहन बालू में फिसल जाते हैं। इससे चालक संतुलन खो बैठते हैं और कई बार पीछे या सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आ जाते हैं। 9 मई को टाटीसिल्वे फ्लाईओवर पर बाइक सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके ठीक एक सप्ताह बाद 16 मई को भी स्कूटी सवार युवक की जान चली गई। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोग दहशत में सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शाम ढलते ही फ्लाईओवर पर अंधेरा छा जाता है। कई स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिसके कारण रात के समय सड़क पर चलना और भी जोखिमभरा हो जाता है। पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि बालू और पानी मिलकर सड़क को और अधिक फिसलन भरा बना देते हैं। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं, आए दिन दुर्घटना राहगीरों का कहना है कि फ्लाईओवर पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं हैं। कहीं चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं और न ही नियमित रूप से सफाई कराई जाती है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और पथ निर्माण विभाग की ओर से ठोस पहल नहीं की गई। कांग्रेस नेता रामदेव सिंह ने पथ निर्माण विभाग और पुलिस-प्रशासन से फ्लाईओवर पर जमा बालू को तत्काल हटाने, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने और नियमित निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं। स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top