![]()
पाकुड़ के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से बाइक चला रहे 18 वर्षीय अकील शेख की मौत हो गई। बाइक पर बैठे उनके दो दोस्तों को हल्की चोट लगी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग पर सड़क जाम कर दी।
.
हादसा कलिकापुर देवपुर में इंडियन पेट्रोल पंप के पास बाईपास सड़क पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, शाहबाजपुर निवासी रजीबुल शेख के बेटे अकील शेख बाइक पर दो दोस्तों को बैठाकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक की बाइक से टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने अकील शेख को मृत घोषित कर दिया।
वाहनों की लंबी कतारें लग गईं
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और मुआवजे की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे जाम हटाने को तैयार नहीं हुए।
कुछ ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क पर ट्रक तेज गति से चलते हैं। उन्होंने प्रशासन से ट्रकों की गति पर नियंत्रण के लिए जांच अभियान चलाने की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे वाली जगह पर कुछ दिन पहले भी सड़क हादसा हुआ था। उन्होंने कहा कि यहां अक्सर हादसे होते हैं और लोग घायल होते हैं। ग्रामीणों ने इस जगह ब्रेकर बनाने की मांग की।
सड़क करीब दो घंटे तक जाम रही। थाना प्रभारी की पहल पर ट्रक मालिक, मृतक के परिजन और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच थाने में बातचीत के लिए सभी पक्ष राजी हो गए।