![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिला प्रशासन द्वारा बीएस कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को रेड चैलेंजर्स तथा येलो स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। फाइनल में येलो स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने रेड चैलेंजर्स को 49 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। 35 ओवर के निर्धारित मुकाबले में येलो स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने 28 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। टीम के बल्लेबाज हिमांशु रंजन ने 39, ओस बाड़ा ने 22 तथा कृष्ण कुमार ने 11 रनों का योगदान दिया। रेड चैलेंजर्स के गेंदबाज सुदर्शन उरांव, यश तथा विराट ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेड चैलेंजर्स की टीम 26 ओवर में 106 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के बल्लेबाज पप्पू पंडित ने 34 रन बनाए। अर्पित मलिक ने 18 रन बनाए। येलो स्ट्राइकर्स के गेंदबाज कृष्ण कुमार ने चार विकेट लिए। उज्जस ने दो विकेट लिए। हिमांशु रंजन ने एक विकेट लिया। कृष्ण कुमार को फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच चुना गया। सुदर्शन उरांव को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला। हिमांशु रंजन को बेस्ट बैट्समैन तथा मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन तथा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से झारखंड राज्य की विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में लोहरदगा का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जतिन पांडे के पिता, अभिषेक लहरी के पिता, चैतन्य नारायण तिवारी के मामा, नितिन बाखला की माता तथा सुशांत कुमार साहू की माता को सम्मानित किया गया। इसके अलावा झारखंड प्रीमियर लीग में धनबाद डायमंड की ओर से खेलने वाले हिमांशु रंजन के पिता को भी सम्मानित किया गया। मौके पर एसोसिएशन के वर्किंग प्रेसिडेंट भास्कर दास गुप्ता, सचिव आलोक कुमार राय, उपाध्यक्ष किशोर वर्मा, कोषाध्यक्ष नियाम मलिक, क्रिकेट कोच अमित कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Source link