![]()
भास्कर न्यूज | गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जरियागादी में सामने आए दहेज हत्या और शव जलाने के मामले की जांच तेज हो गई है। रविवार को इस मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम गिरिडीह पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। टीम ने जरियागादी स्थित मृतका के घर और श्मशान घाट दोनों स्थानों पर जाकर साक्ष्य जुटाए। इस दौरान जली हुई राख और अवशेषों की भी जांच की गई। जांच के दौरान मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, एसआई संजय कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षा और जांच प्रक्रिया के बीच टीम ने विभिन्न बिंदुओं पर साक्ष्य संकलन किया। यह मामला 3 जून का बताया जा रहा है, जिसमें 32 वर्षीय पूर्णिमा पंडित की दहेज को लेकर हत्या करने और बाद में शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगा है। इस मामले में पति रामेश्वर पंडित, ससुर भरत पंडित और सास भारती देवी पर आरोप लगाए गए हैं। मृतका के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी और पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि यह गंभीर मामला है। एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद जांच और तेज की जाएगी। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एफएसएल टीम की रिपोर्ट को जांच में अहम माना जा रहा है। भास्कर न्यूज |गिरिडीह काम में लापरवाहीके आरोप में पचंबा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार को एसपी ने निलंबित कर दिया है। वहीं गांडेय थाना के एसआई मणिलाल सिंह को जमीन विवाद से जुड़े मामले में लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है। डीएसपी टू आरके राणा ने बताया कि 23 फरवरी को निगम चुनाव के दौरान बक्सीडीह रोड स्थित झिंझरी मोहल्ले में हुई गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी और मतदान केंद्र पर तैनात दंडाधिकारी के आवेदन पर पचंबा थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई प्रशांत कुमार को सौंपी गई थी। उन्होंने मुख्य आरोपी शिवम आजाद, अमित विश्वकर्मा, मंजीत पासवान, आकाश हाड़ी और किशोर कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अनुसंधान के दौरान जेल में बंद आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ नहीं की गई। इसी आधार पर अदालत ने 4 जून को चारों को जमानत दे दी। जमानत पर रिहा होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को पुनः गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। डीएसपी ने बताया कि अनुसंधान में लापरवाही और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं करने के कारण एसपी ने एसआई प्रशांत कुमार को निलंबित कर दिया है। वहीं,गांडेय थाना क्षेत्र में जमीन विवाद मामले में समय पर और प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में एसआई मणिलाल सिंह को लाइन हाजिर किया गया है।
Source link