![]()
कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में चोरों ने हार्डवेयर दुकान को निशाना बनाया। गौशाला रोड स्थित दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोर दुकान से गल्ले में रखे 20 हजार रुपए नकद और हार्डवेयर का सामान लेकर फरार हो गए। दुकान संचालक ने चोरी में लाखों रुपए के नुकसान की बात कही है। घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचने पर हुई। दुकान संचालक राहुल कुमार ने बताया कि वे शनिवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह करीब 8 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान में सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। गल्ले में रखे 20 हजार रुपए भी गायब थे। इसके बाद उन्होंने दुकान के अंदर और आसपास जांच की। पिछली दीवार में मिली सेंध, सामान लेकर भागे चोर जांच के दौरान राहुल कुमार की नजर दुकान के पिछले हिस्से पर पड़ी। वहां करीब 5 इंच मोटी दीवार में सेंध लगी हुई थी। आशंका है कि चोर इसी रास्ते दुकान के अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान में रखे हार्डवेयर के सामान को भी निशाना बनाया। हालांकि, चोरी गए सामान की पूरी सूची और उसकी कीमत का आकलन किया जा रहा है। दुकानदार के अनुसार, नकदी के अलावा काफी सामान गायब है। इससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में भी चिंता है। लोगों का कहना है कि चोरों ने दुकान की दीवार तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। इसके लिए उन्हें काफी समय लगा होगा। इसके बावजूद किसी को इसकी भनक नहीं लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही चोरी की जानकारी मिलने के बाद दुकानदार ने तिलैया थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान के अंदर और पीछे की दीवार में हुई सेंध की जांच की। आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इससे चोरों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आसपास के कैमरों से वारदात से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। अस्पताल के सामने है दुकान सबसे अहम बात यह है कि चोरी की वारदात वाली दुकान डॉक्टर नरेश पंडित अस्पताल के ठीक सामने स्थित है। दुकान के बाहर कोडरमा पुलिस की पेट्रोलिंग के दौरान उपस्थिति दर्ज कराने के लिए क्यूआर कोड भी लगाया गया है। इसके बावजूद चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। फिलहाल पुलिस चोरी के मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, दुकानदार चोरी गए सामान का आकलन करने में जुटे हैं।
Source link