![]()
धनबाद जिले के भूली ओपी क्षेत्र में 8 लेन सड़क पर कार और हाइवा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से सड़क पर आ रहा था। इसी दौरान सामने से अपने निर्धारित लेन में आ रहे हाइवा से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं दाहिनी ओर के दोनों दरवाजे और छत भी बुरी तरह दब गए। घायल को पहुंचाया अस्पताल घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायल कार चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत इलाज के लिए असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इधर, हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिससे उसकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मदद नहीं मिलती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। फरार चालक की तलाश जारी हादसे की सूचना मिलते ही सबसे पहले बरवाअड्डा थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद भूली ओपी पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। बरवाअड्डा थाना के एसआई नागेश श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल घायल कार चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस फरार हाइवा चालक की तलाश में जुटी है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Source link