![]()
24 घंटे में 2 लोगों की हत्या से उलझी पुलिस, हत्या या आत्महत्या, जांच शुरू निरसा थाना क्षेत्र की साहेबडंगाल बस्ती में मंगलवार की सुबह वार्ड सदस्य सोनामुनी के पति रूपलाल की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पुत्र ने जिस व्यक्ति को आरोपी बताया था, मंगलवार की ही देर रात उसका शव गांव के पास स्थित जंगल में पेड़ से लटकता मिला। इस घटना ने रूपलाल हत्याकांड को और उलझा दिया है। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों के अनुसार राजीव मरांडी ने दो-तीन शादियां की थी। पहली पत्नी से कोई संतान नहीं है। हाल में की गई शादी के बाद वह पत्नी भी उसके साथ नहीं रहती थी। गांव में राजीव अकेला ही रहता था। पुलिस सूत्रों के अनुसार राजीव शराब का आदी था। पुलिस को संदेह है कि या तो सुबह उधार में शराब लेने को लेकर रूपलाल से उसका विवाद हुआ होगा या घर में किसी गलत संबंध के कारण यह वारदात हुई। ग्रामीण भी इसे आत्महत्या और हत्या दोनों की आशंका से जोड़कर देख रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार वार्ड सदस्य सोनामुनी मरांडी घर में महुआ शराब बनाकर बेचती थीं। इस कारण उनके घर लोगों का आना-जाना लगा रहता था। पुलिस शराब की उधारी, पैसों के लेनदेन और पुराने विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है। रूपलाल के बेटे ने पड़ोसी पर लगाया था हत्या का आरोप
रूपलाल की हत्या के बाद उनके बेटे गौतम मरांडी (25) ने निरसा थाना में लिखित शिकायत दी। उन्होंने पड़ोसी राजीव मरांडी (42 वर्ष) पर हत्या का आरोप लगाया था। शिकायत में गौतम मरांडी ने कहा था कि हत्याकांड के बाद जब वह घर पहुंचा तो ग्रामीणों ने बताया िक राजीव मरांडी को उन्होंने भागते हुए देखा। हालांकि गौतम ने हत्या के कारणों की जानकारी नहीं दी। पुलिस ने गौतम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली जांच शुरू ही की लेकिन बुधवार को राजीव का शव मिलने के बाद अब नए सिरे से जांच की जा रही है। खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद किचन में हुई थी रूपलाल की हत्या, घर की कुल्हाड़ी बना हथियार
मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे रूपलाल पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण लकड़ी काटकर चूल्हा जलाने किचन गए थे। कमर दर्द के कारण पत्नी सोनामुनी वापस कमरे में लौट गई थीं। इसी दौरान पीछे से उन पर हमला हुआ। हत्यारे ने बाहर से हथियार नहीं लाया था। रूपलाल के घर में रखी कुल्हाड़ी से ही सिर और गर्दन पर कई वार किए। करीब 30 मिनट बाद सोनामुनी की बहन बुधनी हेम्ब्रम किचन पहुंचीं, तो रूपलाल खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। परिजन आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
Source link