बोकारो थर्मल | नावाडीह प्रखंड अंतर्गत 10+2 उच्च विद्यालय, पलामू में सोमवार को डीवीसी सीएसआर और बोकारो थर्मल अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय सर्वाइकल कैंसर जागरुकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीवीसी अस्पताल के डॉ. एस. साहा ने किया। शिविर में सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. साहा ने युवतियों को इस बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। शिविर के दौरान कुल 96 युवतियों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद आवश्यकतानुसार दवाइयों का भी वितरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि डीवीसी सीएसआर की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों की युवतियों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है। ऐसे आयोजनों से न केवल समय पर उपचार संभव हो पाता है, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। मौके पर हेल्थ इंस्पेक्टर कृष्णा कुमार, मो. कलीम अंसारी, गौतम मंडल, जीवाधन महतो, शिक्षिका सरिता कुमारी, माला कुमारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं आदि थे।
Source link