![]()
पाकुड़ के नरोत्तमपुर पंचायत अंतर्गत रामचंद्रपुर पहाड़िया टोला में ग्रामीणों ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में एक युवक को पकड़ा है। ग्रामीणों ने उसे मुफ्फसिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने संबंधित पंचायत के पंचायत सचिव उत्तम घोष की लिखित शिकायत पर थाना कांड संख्या 76/26 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को सोमवार को जेल भेज दिया गया। प्रमाण पत्र के लिए दो से 10 हजार रुपए तक वसूले ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी की पहचान कैफे संचालक हेमंत कुमार के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि वह पिछले कुछ महीनों से बड़ी संख्या में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बना रहा था। उसने प्रत्येक प्रमाण पत्र के लिए ग्रामीणों से 2 हजार से लेकर 10 हजार रुपए तक वसूले। ग्रामीणों को इन प्रमाण पत्रों के फर्जी होने की जानकारी तब मिली, जब आधार सेंटर में जांच के दौरान उन्हें अमान्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। योजना के तहत, ग्रामीणों ने कथित तौर पर और प्रमाण पत्र बनवाने का झांसा देकर हेमंत कुमार को बुलाया। जैसे ही वह मौके पर पहुंचा, ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। मामले की सूचना सदर अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया को दी गई। सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच के बाद युवक को मुफ्फसिल थाना पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी से वसूली गई राशि वापस कराने और पूरे मामले की गहन जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link