![]()
पाकुड़ में बारातियों से भरी बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। 27 से ज्यादा घायल हैं। इनमें 6 की स्थिति गंभीर है। घायलों को दुमका रेफर किया गया है। हादसा मड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के मलीपाड़ा गांव में हुआ। बताया जाता है कि बस गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के कदमपहाड़पुर गांव से विवाह समारोह के बाद महेशपुर प्रखंड के परियारदाहा लौट रही थी, तभी सिंगारसी-अमड़ापाड़ा मेन रोड पर ढलान के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को रेफर किया गया। मृतकों की पहचान परियारदाहा निवासी आलेन मुर्मू (पिता बजार मुर्मू) और राजेश टुडू के रूप में हुई है। चार बार पलटते हुए खड़ी हुई बस प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस सड़क किनारे चार बार पलटते हुए खड़ी हो गई थी, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की सूझबूझ से कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को त्वरित इलाज के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Source link