Last Updated:
UP Police Bharti Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं अपने घर लौटने के लिए ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए. हालात ऐसे रहे कि सामान्य कोच ही नहीं, बल्कि एसी कोचों तक में अभ्यर्थियों की भीड़ दिखाई दी.
चंदौली: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली समाप्त होने के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं अपने घर लौटने के लिए ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए. हालात ऐसे रहे कि सामान्य कोच ही नहीं, बल्कि एसी कोचों तक में अभ्यर्थियों की भीड़ दिखाई दी. स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर यात्रियों का लगातार आना-जाना लगा रहा और अधिकांश ट्रेनों में क्षमता से अधिक भीड़ देखने को मिली.
बहुत आसान था प्रश्नपत्र
परीक्षा देकर लौट रहे बलिया निवासी गोपी कुमार ने लोकल 18 से बताया कि प्रश्नपत्र बहुत आसान था. उन्होंने कहा कि सामान्य अध्ययन (जीएस) का हिस्सा थोड़ा कठिन लगा, जबकि रीजनिंग, गणित और हिंदी के प्रश्न सरल थे. उनका परीक्षा केंद्र बबुरी में पड़ा था, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं. उन्होंने बताया कि अब वे वाराणसी जंक्शन के लिए रवाना हो रहे हैं, लेकिन ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ होने के कारण सफर चुनौतीपूर्ण हो गया है.
छात्रों को हो रही परेशानी
वहीं, बलिया के ही करण गुप्ता ने लोकल 18 से बताया कि उनका परीक्षा केंद्र चंदौली में था. परीक्षा के बाद वे वाराणसी होते हुए बलिया जाने की योजना बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि स्टेशन पर छात्रों की संख्या बहुत अधिक है और ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि कई अभ्यर्थी समय पर ट्रेन नहीं पकड़ पा रहे हैं. स्टेशन पर मौजूद एक युवक ने बताया कि उसने स्वयं भर्ती परीक्षा का फॉर्म नहीं भरा है, अपनी बहन को परीक्षा दिलाने आए है. उसकी बहन का परीक्षा केंद्र आजमगढ़ में पड़ा है. उसने कहा कि वे बनारस एक्सप्रेस का इंतजार कर रहा हैं, लेकिन भीड़ के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सभी ट्रेनों में उमड़ी भीड़
सतपाल यादव ने लोकल 18 से बताया कि उनका परीक्षा केंद्र बबुरी में था, जहां पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं अच्छी थीं. उन्होंने कहा कि अभी-अभी स्टेशन पहुंचे हैं और वाराणसी जाने के लिए बनारस इंटरसिटी ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जो ट्रेन अभी निकली उसमें अत्यधिक भीड़ थी, जिससे उसमें चढ़ना संभव नहीं हो सका. बता दें कि पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद डीडीयू जंक्शन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ ने रेलवे प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन की चुनौती खड़ी कर दी. हालांकि अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर संतोष जताया, लेकिन घर वापसी के दौरान ट्रेनों में उमड़ी भीड़ ने उनकी परेशानी बढ़ा दी.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें