Last Updated:
देवघर के गोपीडीह गांव के किसान अंबिका कुशवाहा प्याज के पत्तों की खेती कर रहे हैं. यह फसल एक महीने में तैयार हो जाती है. सर्दियों में इसकी अच्छी मांग रहती है. वे 40 रुपये किलो के भाव से एक क्विंटल बेच चुके हैं. बाद में इसी खेत में प्याज उगाने की योजना है.
देवघरः सर्दियों का मौसम शुरू होते ही बाजार में हरी सब्जियों की मांग बढ़ने लगती है. इस मौसम में किसान आमतौर पर प्याज की खेती करते हैं, लेकिन देवघर के गोपीडीह गांव के एक किसान ने खेती में थोड़ा अलग दिमाग लगाया है. यहां किसान प्याज की खेती तो कर ही रहे हैं, लेकिन एक किसान ऐसे भी हैं जिन्होंने प्याज के बजाय उसके हरे पत्तों की खेती शुरू कर दी है.सुनने में यह थोड़ा अलग जरूर लग सकता है, लेकिन किसान का यह तरीका कम समय में कमाई करने का अच्छा जरिया बन रहा है. दरअसल, हम बात कर रहे हैं गोपीडीह गांव के किसान अंबिका कुशवाहा की, जो इन दिनों अपने खेत में प्याज के पत्तों की खेती कर रहे हैं.
क्या कहते हैं किसान अंबिका कुशवाहा
किसान अंबिका कुशवाहा ने लोकल 18 को बताया कि प्याज की फसल तैयार होने में आमतौर पर दो से तीन महीने का समय लग जाता है। इसके बाद ही किसान बाजार में प्याज बेचकर कमाई कर पाते हैं. लेकिन अगर इसी प्याज के हरे पत्तों की खेती की जाए तो महज एक महीने में फसल तैयार हो जाती है. इससे किसान को कम समय में ही बाजार से पैसा मिलने लगता है.खास बात यह है कि सर्दियों के मौसम में प्याज के हरे पत्तों की मांग भी काफी बढ़ जाती है.लोग इन पत्तों से तरह-तरह के पकवान बनाते हैं. खासकर प्याज के पत्तों की पकौड़ी खाना लोगों को खूब पसंद आता है. यही वजह है कि ठंड के मौसम में बाजार में इसकी अच्छी मांग रहती है.
40 रूपए कीलों के हिसाब से एक क्विंटल बेच चुके है
अंबिका कुशवाहा फिलहाल करीब 15 कट्ठा जमीन में प्याज के पत्तों की खेती कर रहे हैं.उनके खेत में तैयार हरे पत्ते बाजार में बिकने भी शुरू हो गए हैं.किसान के मुताबिक अभी उन्हें प्याज के पत्तों का भाव करीब 40 रुपये प्रति किलो मिल रहा है.अब तक वह लगभग एक क्विंटल प्याज के पत्ते बेच चुके हैं. यानी अभी फसल पूरी तरह बिकने से पहले ही उनकी अच्छी बिक्री हो चुकी है. किसान बताते हैं कि बाजार में जिस तरह से प्याज के पत्तों की मांग बनी हुई है, उसे देखते हुए उन्हें इस खेती से अच्छी कमाई की उम्मीद है.
एक खेत से दोगुने मुनाफे की है उम्मीद
सबसे दिलचस्प बात यह है कि अंबिका कुशवाहा का मकसद सिर्फ प्याज के पत्ते बेचकर कमाई करना नहीं है, बल्कि वह एक ही खेत से दो बार फायदा उठाने की योजना पर काम कर रहे हैं. उनका कहना है कि कुछ ही दिनों में जब प्याज के पत्तों की फसल बेच लेंगे तो उसी खेत में दोबारा प्याज की खेती शुरू कर देंगे. यानी पहले एक महीने में पत्तों से कमाई करेंगे और फिर उसी जमीन पर प्याज उगाकर दूसरी फसल तैयार करेंगे.कुल मिलाकर देवघर के इस किसान ने खेती का ऐसा तरीका अपनाया है, जिसमें कम समय में फसल तैयार हो रही है और सर्दियों के मौसम में बाजार में भी अच्छी मांग मिल रही है. अब दूसरे किसान भी इस तरीके को समझकर अपनी खेती में अपनाते हैं या नहीं, यह देखने वाली बात होगी.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…