![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम की अध्यक्षता में सोमवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मध्याह्न भोजन योजना, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वास्थ्य जांच एवं विशेष नामांकन अभियान सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं मध्याह्न भोजन ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में अंतर है। इस पर उप विकास आयुक्त ने प्रत्येक प्रखंड से ऐसे दो-दो मामलों को अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि अंतर के कारणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में अनामृता फाउंडेशन द्वारा इंटीग्रेटेड किचेन के माध्यम से विद्यालयों में उपलब्ध कराए जा रहे मध्याह्न भोजन की समीक्षा भी की गई। उप विकास आयुक्त ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को नियमित रूप से भोजन की गुणवत्ता की जांच करने तथा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि जिन विद्यालयों में बीते माह की तुलना में गत माह की उपस्थिति के आंकड़ों में असामान्य अंतर पाया गया है, उन्हें कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी किया जाए। मौके पर तिथि भोजन एवं एसएमएस आधारित मध्याह्न भोजन मॉनिटरिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई तथा इसे और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी जया सांखी मुर्मू, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईओ) सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में 7 जुलाई से 7 सितंबर 2026 तक संचालित होने वाले विशेष नामांकन अभियान पर विस्तृत चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने व आवश्यक प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Source link