भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

मंत्री पर माहौल बिगाड़ने का आरोप, भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी




सिटी रिपोर्टर ‌| बोकारो भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने कहा कि बोकारो के सौहार्दपूर्ण माहौल को किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी लगातार जिले का सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य के अनुरूप समाज के सभी वर्गों के बीच सौहार्द बनाए रखने के लिए कार्य करता रहेगा। वहीं शनिवार को बोकारो पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के दौरान सुरेंद्र राज ने जिले में गिरती कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि चास नगर निगम क्षेत्र के चिराचास थाना अंतर्गत नंदुआस्थान स्थित एक जिम सेंटर में 1 मई को दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। मामले में पीड़ित पक्ष के हर्ष पांडेय ने 2 मई को चिराचास थाना में मामला दर्ज कराते हुए महताब अंसारी, आरिफ अंसारी समेत 10 को नामजद अभियुक्त बनाया। लेकिन पुलिस की शिथिलता के कारण नौ दिन बीतने के बावजूद किसी भी नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं हुई। वहीं, दूसरे पक्ष के आरिफ अंसारी द्वारा दर्ज कराए गए मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हर्ष पांडेय व एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मंत्री इरफान अंसारी ने सार्वजनिक रूप से चिराचास थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कराने और आरोपी पक्ष के समर्थन में बयान दिया, जिससे जिले में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कांड संख्या 37/26 के सभी नामजद अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने मामले में किसी प्रकार की कोताही बरती तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को तैयार है। मौके पर हर्ष पांडेय के माता-पिता मोनी पांडेय और सौरभ पांडेय के अलावा जिला महामंत्री संजय सिन्हा, जिला मंत्री विनोद गोराई, अभय कुमार मुन्ना, अशोक जगनानी, बालकृष्ण मुरारी, संतोष कुमार, अजीत पांडेय, सौंपी गुप्ता, कुलदीप माहथा, समरेश सिंह चौधरी, अतिश सिंह, रामकिंकर आदि थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top