Last Updated:
Giridih News: गिरिडीह में निर्माणाधीन मकान अचानक मौत का कारण बन गया. काम के दौरान छज्जा भरभराकर गिर पड़ा. जिसकी चपेट में आने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में एक राजमिस्त्री भी घायल हुआ है.
गिरिडीह में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से मां-बेटे की मौत.
गिरिडीहः झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई. हीरोडीह थाना क्षेत्र के सलैया गांव में निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक गिर गया. हादसे में मां और बेटे की मलबे में दबकर मौत हो गई. जबकि वहां काम कर रहा एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना से इलाके में चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में घायल को अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
जानकारी के मुताबिक, सलैया गांव में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान मकान मालिक सुनीता देवी और उनके बेटे राजकुमार यादव काम की देख-रेख कर रहे थे. दोनों छज्जे के पास खड़े होकर राजमिस्त्री प्रदीप यादव को काम से जुड़ी जानकारी दे रहे थे. बताया जा रहा है कि जैसे ही राजमिस्त्री छज्जे पर चढ़ा, अचानक पूरा छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा. भारी मलबा सीधे सुनीता देवी और उनके बेटे पर आ गिरा. हादसा इतना भीषण था कि दोनों मलबे में दब गए.
मलबा के नीचे से निकाला मां-बेटे का शव
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर मां-बेटे को बाहर निकाला. तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. वहीं, छज्जे के साथ नीचे गिरे राजमिस्त्री प्रदीप यादव भी घायल हो गए. उनके हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है. उनका जमुआ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
स्थानीय लोग क्या बोले?
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला. कुछ ही सेकंड में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छज्जा निर्माण में कोई खामी थी या लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ.
About the Author
Journalist with a sharp focus on Bihar and Jharkhand, covering politics, crime, and trending stories with a strong ground-level perspective. Passionate about listening to stories, understanding them deeply, and…और पढ़ें