सिटी रिपोर्टर | बोकारो मजदूर अधिकारों, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के सवाल पर सीटू ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। आगामी 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली के रामलीला मैदान से संसद तक प्रस्तावित मजदूर मार्च की तैयारी को लेकर बुधवार को इस्पात मजदूर मोर्चा, सीटू की ओर से कोक ओवन स्थित कैंटीन नंबर-1 में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महामंत्री आरके गोरांई ने कहा कि देशभर के मजदूर मजदूर-विरोधी नीतियों, चारों श्रम संहिताओं, बेरोजगारी, महंगाई, कम मजदूरी और असुरक्षित रोजगार के खिलाफ दिल्ली में आवाज बुलंद करेंगे। सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण, बढ़ती आर्थिक असमानता और प्राकृतिक संसाधनों पर कॉरपोरेट कब्जे से मजदूरों, किसानों और आदिवासियों की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि संसद मार्च के माध्यम से रोजगार, सम्मानजनक मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और श्रम अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक एकजुटता कायम की जाएगी। प्रमुख मांगों में चारों श्रम संहिताओं को रद्द करना, सभी मजदूरों के लिए 42 हजार रुपये मासिक न्यूनतम मजदूरी और पात्र लाभार्थियों को 21 हजार रुपये मासिक पेंशन देना शामिल है। इसके अलावा आंगनबाड़ी, आशा और मिड-डे मील कर्मियों को मजदूर का दर्जा, रिक्त पदों पर नियुक्ति, ठेका मजदूरों का नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी। सुरक्षा की मांग भी आंदोलन में शामिल रहेगी। बैठक की अध्यक्षता देव कुमार ने की। इस दौरान जीतू रजक, केदार कुमार, रोमणी देवी, पप्पू देवी आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
Source link