Last Updated:
Parimal Nathwani Rajya Sabha election: झारखंड राज्यसभा चुनाव की दूसरी सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित सांसद परिमल नथवाणी ने राज्य के विकास को लेकर अपना विजन बिल्कुल साफ कर दिया है. उन्होंने विरोधियों को कड़ा जवाब देते हुए साफ किया कि झारखंड में उनका कोई निजी स्वार्थ या माइनिंग का बिजनेस नहीं है, बल्कि वह यहां के लोगों का कर्ज उतारने आए हैं. इसके साथ ही नथवानी ने महेंद्र सिंह धौनी का नाम लेकर झारखंड के खेलों को लेकर अपने दिल की बात कही.
परिमल नथवानी बोले, झारखंड में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य मेरी प्राथमिकता
रांची. राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद मीडिया से बातचीत में परिमल नथवाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के प्रांतीय नेतृत्व का समर्थन के लिए आभार जताया. परिमल नथवाणी ने दो टूक शब्दों में कहा कि उन्होंने झारखंड में जो भी काम किया है, उसे लोगों ने गांवों और शहरों में खुद देखा है. इसी जमीनी काम के आधार पर उन्होंने सभी दलों से समर्थन की अपील की थी, जिसे विधायकों ने स्वीकार किया. उन्होंने विरोधियों को कड़ा जवाब देते हुए साफ किया कि झारखंड में उनका कोई निजी स्वार्थ या माइनिंग का बिजनेस नहीं है, बल्कि वह यहां के लोगों का कर्ज उतारने आए हैं. परिमल नथवाणी ने कहा कि वह धौनी से भी मुलाकात कर झारखंड में खेलों, खासकर क्रिकेट और फुटबॉल के विकास को लेकर चर्चा करेंगे.
शिक्षा और स्वास्थ्य को बनाएंगे प्राथमिकता
परिमल नथवाणी ने कहा कि झारखंड के बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं, लेकिन उन्हें वहां बेहतर वेतन भी नहीं मिल पाता. आने वाले समय में उनका सबसे बड़ा फोकस ग्रामीण विकास और स्किल डेवलपमेंट पर रहेगा, ताकि राज्य के लोगों को अपने ही प्रदेश में रोजगार मिले और वे अपने परिवार के साथ रह सकें. उन्होंने कहा कि झारखंड में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभी काफी काम करने की जरूरत है. राज्यसभा सांसद के रूप में वह इन दोनों क्षेत्रों को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करेंगे.
टाइगर रिजर्व और वन्यजीव संरक्षण पर रहेगा फोकस
उन्होंने कहा कि झारखंड में कभी टाइगर रिजर्व को लेकर गंभीर पहल हुई थी, लेकिन अब सरकार का उस पर अपेक्षित ध्यान नहीं है. वह राज्य में बाघों की संख्या बढ़ाने और वन्यजीव संरक्षण के लिए काम करेंगे. इस संबंध में उनकी वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञों से भी बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि माइनिंग क्षेत्रों के विस्तार से वन्यजीव प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है.
एमएस धोनी के साथ मिलकर संवारेंगे खेल की सूरत
खेल के क्षेत्र में झारखंड के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए परिमल नथवाणी ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी का नाम लिया. उन्होंने कहा कि एमएस धोनी झारखंड की असली पहचान हैं और उन्होंने खेल की दुनिया में कमाल किया है. नथवाणी ने बताया कि वह जल्द ही धोनी से मुलाकात करेंगे और उनके साथ मिलकर झारखंड में खेल को आगे बढ़ाने की रूपरेखा तैयार करेंगे. सांसद के रूप में वह राज्य में क्रिकेट के साथ-साथ फुटबॉल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने पर विशेष जोर देंगे.
‘मेरा कोई निजी स्वार्थ नहीं’
उन्होंने कहा कि उनका झारखंड में कोई निजी व्यावसायिक हित नहीं है. न तो कोल, माइनिंग और बिल्डिंग सेक्टर में उनका कोई काम है और न ही उनकी किसी कंपनी का यहां कोई कारोबार है. उन्होंने कहा, “झारखंड ने मुझे तीसरी बार राज्यसभा भेजा है. मैं यहां केवल झारखंड के लोगों के लिए आता हूं. उन्होंने मुझे जो सम्मान दिया है, उसे मैं विकास कार्यों के जरिए लौटाने की चिंता करूंगा.”
पीएम मोदी और पार्टी नेतृत्व का जताया आभार
नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा भाजपा के प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास और समर्थन से उन्हें फिर से राज्यसभा में सेवा करने का अवसर मिला है. नथवाणी ने कहा कि उनका पूरा कार्यकाल अब सिर्फ और सिर्फ झारखंड के आम नागरिकों की सेवा में समर्पित रहेगा.