![]()
रांची| रांची यूनिवर्सिटी वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन ने विश्वविद्यालय में लागू किए जा रहे क्लस्टर सिस्टम पर विरोध जताया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश ठाकुर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में इस प्रकार के प्रयोग बंद किए जाने चाहिए, क्योंकि इसका सीधा प्रभाव छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि क्लस्टर सिस्टम लागू होने से विद्यार्थियों को कई तरह की व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दूर-दराज के कॉलेजों में पढ़ाई के लिए जाने से समय और आर्थिक बोझ बढ़ेगा, जिससे अभिभावकों की चिंता भी बढ़ेगी। उन्होंने आशंका जताई कि इस व्यवस्था से निजी कॉलेजों को बढ़ावा मिलेगा और सरकारी संस्थानों की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि किसी भी नई व्यवस्था को लागू करने से पहले शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की राय लेना आवश्यक है। बिना पर्याप्त तैयारी और संवाद के इस तरह की व्यवस्था लागू करना शिक्षा व्यवस्था के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। मौके पर एमसीए विभाग के शिक्षक बलवंत कुमार और डॉ. साधना मिश्रा सहित अन्य शिक्षक भी मौजूद थे। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए क्लस्टर सिस्टम पर पुनर्विचार करने की मांग की।
Source link