Last Updated:
Rahul Gandhi News: वीर सावरकर को लेकर कांग्रेस सांसद की ओर से दिए गए बयान को लेकर उन्हें कानूनी कार्रवाइयों का सामना करना पड़ रहा है. अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मुकदमे को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी मंजूरी की जरूरत होती है, जो इसमें नहीं है. इसके साथ ही राहुल के लिए जारी समन को रद्द कर दिया गया.
राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट ने वीर सावरकर अपमान मामले में बड़ी राहत मिली है.
Rahul Gandhi News: वीर सावरकर अपमान मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को बड़ी राहत दी है. सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को राहत देते हुए सावरकर पर कथित टिप्पणी से जुड़े आपराधिक मानहानि मामले में उनके खिलाफ दायर शिकायत और मजिस्ट्रेट द्वारा जारी समन आदेश को रद्द कर दिया है. जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने मामले की सुनवाई की.
सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा कि जहां किसी अभियोजन को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक मंजूरी जरूरी हो और वह उपलब्ध न हो, वहां मामला आगे नहीं बढ़ाया जा सकता है. अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दाखिल हलफनामे का भी संज्ञान लिया, जिसमें अभियोजन की आवश्यक मंजूरी दिए जाने का कोई खुलासा नहीं था. सुप्रीम कोर्ट ने इसी आधार पर राहुल गांधी के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि की शिकायत और संबंधित मजिस्ट्रेट के समन आदेश को रद्द कर दिया. मामला राहुल गांधी की सावरकर को लेकर कथित टिप्पणी से जुड़ा था, जिसपर उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि की कार्यवाही शुरू की गई थी. सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश राहुल गांधी के लिए राहत वाला है.
राहुल के बयान पर उद्धव ने भी जताई थी आपत्ति
साल 2023 में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ जब महाराष्ट्र पहुंची थी, उस दौरान कांग्रेस सांसद ने वीर सावरकर को लेकर टिप्पणी की थी. वीर सावरकर को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर उद्धव ठाकरे ने आपत्ति जताई थी. बयान पर नाराजगी जताते हुए उद्धव ने कांग्रेस नेता को भगवा विचारक को अपमानित न करने का आगाह किया था और कहा था कि सावरकर, जिन्हें उनकी पार्टी अपना आदर्श मानती है उन्हें अपमानित करने से विपक्षी गठबंधन टूट सकता है.
वीर सावरकर के पोते ने भी दिया था रिएक्शन
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के पोते रंजीत सावरकर ने भी राहुल गांधी के बयान पर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने राजनीतिक लाभ के लिए विनायक दामोदर सावरकर का बार-बार अपमान कर रहे हैं. समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए वीर सावरकर के पोते ने कहा था कि यह कांग्रेस की पुरानी आदत रही है (राष्ट्रवादी कवि को अपमानित करना). मुझे याद है कि 2019 में उद्धव ठाकरे ने कहा था कि सावरकर का अपमान करने के लिए राहुल गांधी को जूतों से पीटा जाना चाहिए.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…
और पढ़ें