![]()
बढ़ी निगरानी… राजधानी के हर छठे घर में मिल रहा डेंगू का लार्वा
राजधानी में डेंगू और अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को रांची शहरी क्षेत्र के सात वार्डों में घर-घर जाकर डेंगू सर्विलांस अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने संभावित मरीजों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ घरों और आसपास मच्छरों के प्रजनन स्थलों की भी जांच की। जांच में 166 घरों में से 29 में डेंगू के लार्वा पाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्डों में घर-घर जाकर कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायर और अन्य जलजमाव वाले स्थानों की जांच की। कुल 1246 बर्तनों की जांच की गई, जिसमें 38 बर्तनों में डेंगू के लार्वा मिले। लार्वा मिलने वाले स्थानों पर लोगों को पानी जमा नहीं होने देने और नियमित रूप से साफ-सफाई करने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान हर दिन शहर के सात अलग-अलग वार्डों में चलाया जा रहा है, ताकि डेंगू, मलेरिया समेत अन्य वेक्टर जनित बीमारियों पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके। वार्ड 21, 22 व 23 के 76 घरों की जांच, 16 घरों में लार्वा
वार्ड संख्या 21, 22 और 23 में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल 76 घरों की जांच की। इनमें 16 घरों में डेंगू के लार्वा मिले। इस दौरान 680 बर्तनों की जांच की गई, जिसमें 25 बर्तनों में लार्वा पाए गए। वहीं, वार्ड संख्या 16, 5, 27 और 28 में कुल 90 घरों की जांच की गई। इनमें 13 घरों में लार्वा मिले। टीम ने यहां 566 बर्तनों की जांच की, जिसमें 13 बर्तनों में डेंगू के लार्वा पाए गए। सप्ताह में 1 दिन रखें ड्राई डे, जमा पानी तुरंत हटाएं
सर्विलांस टीम ने लोगों को सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाने की सलाह दी। इस दौरान घर में रखे कूलर, गमले, पानी की टंकी, बाल्टी, पुराने टायर आदि की जांच कर उनमें जमा पानी को खाली करने को कहा गया। घर के अंदर ही नहीं, आसपास भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की। घर में यहां जरूर रखें नजर
कूलर और पानी की टंकी में पानी जमा न होने दें।
गमलों और पुराने टायरों में पानी न रुकने दें।
सप्ताह में कम से कम एक दिन ड्राई डे मनाएं।
तेज बुखार और शरीर में दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें।
आसपास जलजमाव दिखे तो संबंधित विभाग को सूचना दें। डॉक्टर से संपर्क करें…
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने लोगों से अपील की कि तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द या त्वचा पर लाल चकते जैसे लक्षण दिखने पर इसे सामान्य बुखार समझ कर नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।
Source link