![]()
झारखंड के गिरिडीह जिले के पारसनाथ स्थित तीर्थस्थल शिखरजी में देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इस सड़क हादसे में गुजरात के सूरत के रहने वाले पति-पत्नी की मौत हो गई। वहीं 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना देर रात 10 बजे के करीब की बताई जा रही है। शिखरजी की यात्रा पूरी कर सभी जैन श्रद्धालु टाटा जा रहे थे। उन्हें टाटा से ट्रेन पकड़ की गुजरात जाना था। सिलसिलेवार पढ़िए हादसे की पूरी कहानी…… मिली जानकारी के अनुसार गुजरात से जैन श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को शिखरजी पहुंचा था। इस जत्थे में 10 गाड़ियां थीं। देर रात सभी जैन श्रद्धालु शिखर जी से टाटा ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। इसी जत्थे में शामिल एक बस हादसे का शिकार हो गई। मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के समीप यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बस विपरीत दिशा में जाकर सड़क किनारे गड्ढे में एक तरफ झुककर लटक गई। हादसे में गुजरात के सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में दो की स्थिति नाजुक बतायी जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। कई यात्री अंदर फंस गए थे। हादसे के बाद की 3 तस्वीरें देखिए… पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत-बचाव अभियान हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गये, जबकि कुछ घायल यात्री बस की खिड़की के रास्ते किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों की टीम ने घायलों का इलाज शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। SDPO ने की दो लोगों की मौत की पुष्टि डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि श्रद्धालुओं का करीब 10 गाड़ियों का जत्था शिखरजी की यात्रा पूरी कर टाटा लौट रहा था। इसी दौरान जत्थे में शामिल एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। सड़क किनारे गड्ढे में फंसकर एक तरफ झुक गई। हादसे में पति-पत्नी की मौत हुई है, जबकि दर्जनाधिक लोग घायल हुए हैं।
सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की और हादसे के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
Source link