भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

श्रावणी मेले को लेकर देवघर प्रशासन का नया प्लान, अब लाखों कांवडियों...


Last Updated:

बाबाधाम के विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी. पहली बार मेला क्षेत्र में टोटो एंबुलेंस की सेवा शुरू की जा रही है. भीड़भाड़ वाले रास्तों पर यह एंबुलेंस आसानी से पहुंचकर बीमार या घायल कांवरियों को कुछ ही मिनटों में नजदीकी अस्पताल पहुंचाएगी. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस नई व्यवस्था से आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को समय पर इलाज मिल सकेगा.

देवघर: द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ, सावन का महीना शुरू होते ही यह पूरी तरह शिवमय हो जाता है. देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक करने यहां पहुंचते हैं. सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करने वाले कांवड़ियों का सैलाब श्रावणी मेले के दौरान देवघर की सड़कों पर उमड़ पड़ता है. चारों ओर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहते हैं. ऐसे में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती लाखों श्रद्धालुओं को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना होती है. इस बार इसी चुनौती से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक नई और अनोखी पहल की है.

जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. मेला क्षेत्र में सुरक्षा, साफ-सफाई, ट्रैफिक और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर लगातार काम किया जा रहा है. इस बार स्वास्थ्य विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. पहली बार श्रावणी मेले में टोटो एंबुलेंस सेवा शुरू की जा रही है. इसका उद्देश्य यह है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में यदि कोई श्रद्धालु अचानक बीमार पड़ जाए तो उन्हें इलाज मिल सके. कोई श्रद्धालु बेहोश हो जाए या किसी दुर्घटना में घायल हो जाए, तो उसे बिना किसी देरी के तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके.

क्या कहते हैं सिविल सर्जन
देवघर के सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान शहर की कई सड़कें और मंदिर के आसपास का इलाका श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर जाता है. ऐसी स्थिति में कई बार बड़ी एंबुलेंस घटनास्थल तक समय पर नहीं पहुंच पाती. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इस बार टोटो एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है. ये छोटे वाहन संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले रास्तों से आसानी से गुजर सकेंगे. साथ ही, जरूरतमंद श्रद्धालुओं तक कुछ ही मिनटों में पहुंचकर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जा सकेंगे.

टोटो और बाइक एंबुलेंस में रहेंगी सभी जरूरी सुविधाएं
टोटो एंबुलेंस को इस तरह तैयार किया गया है कि इसमें मरीज को सुरक्षित लिटाकर या बैठाकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल तक पहुंचाया जा सके. वहीं बाइक एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां और मेडिकल उपकरण उपलब्ध रहेंगे. यदि किसी श्रद्धालु की तबीयत अचानक बिगड़ती है, तो मौके पर ही प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया जाएगा. इससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी.

आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, श्रावणी मेले के दौरान विभिन्न स्थानों पर डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी. मेला क्षेत्र में अस्थायी स्वास्थ्य शिविर भी स्थापित किए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालुओं को नि:शुल्क इलाज और दवाइयों की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा, ताकि सूचना मिलते ही तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके.

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई पहल
हर साल श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की यह नई पहल काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. पहले भीड़भाड़ के कारण बड़ी एंबुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग जाता था, लेकिन अब टोटो और बाइक एंबुलेंस की मदद से राहत कार्य अधिक तेजी से किया जा सकेगा. स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से श्रद्धालुओं को समय पर इलाज मिलेगा और आपात स्थिति में उनकी जान बचाने में भी काफी मदद मिलेगी. इस बार का श्रावणी मेला केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था का भी एक नया उदाहरण बनने जा रहा है.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top