बोकारो | गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, सेक्टर-5 में मंगलवार को रोटरी क्लब ऑफ चास के सहयोग से इंटरैक्ट क्लब का पदग्रहण एवं सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सेवा-भाव, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों का विकास करना था। इस दौरान इंटरैक्ट क्लब के नवपदाधिकारियों एवं सदस्यों को औपचारिक रूप से दायित्व सौंपे गए। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, सहायक प्रांतपाल (जोन-7) पूजा वैद, पूर्व अध्यक्ष उषा कुमार, कुमार अमरदीप तथा युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्वेता रस्तोगी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य अभिषेक कुमार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। श्वेता रस्तोगी ने इंटरैक्ट क्लब की गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया, जबकि मुकेश अग्रवाल ने रोटरी के जनकल्याणकारी कार्यों से अवगत कराया। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्षा काम्या झा, उपाध्यक्ष आरुष आर्यन और क्लब सलाहकार मोनिका गावरी को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Source link