ओड़गा ओपी क्षेत्र अंतर्गत बाड़ीब्रिंगा डांग टोली में जहरीले सांप के काटने से 41 वर्षीय जयमसीह डांग, पिता जीवन डांग, की मौत हो गई। मृतक जयमसीह सोमवार रात जहरीले सांप के काटने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया गया कि घटना के समय जयमसीह के परिजन घर से बाहर गए हुए थे। घर में कोई मौजूद नहीं था। रात होने के कारण जयमसीह को तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। मंगलवार सुबह जयमसीह ने ग्रामीणों को बताया कि उसे जहरीले सांप ने काट लिया है। उसकी हालत ठीक नहीं लग रही है। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से मंगलवार करीब 11 बजे जयमसीह को इलाज के लिए जलडेगा अस्पताल लाया गया। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सिमडेगा रेफर कर दिया। ग्रामीण उन्हें सिमडेगा ले जा रहे थे। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। गुमला|साइबर अपराधियों ने बैंक अधिकारी बनकर एटीएम अपडेट कराने का झांसा देकर एक युवती के खाते से 50 हजार रुपए उड़ा लिए। घटना सदर थाना क्षेत्र के सुरसुरिया केसिपारा की है। पीड़िता ने गुमला थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, सुरसुरिया केसिपारा निवासी 20 वर्षीय बुधनी कुमारी के मोबाइल पर मंगलवार की शाम करीब चार बजे एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को बैंककर्मी बताते हुए कहा कि एटीएम कार्ड की वैधता समाप्त होने वाली है और उसे चालू रखने के लिए अपडेट करना जरूरी है। बातों में आकर युवती ने बैंक खाते और एटीएम से जुड़ी जानकारी साझा कर दी। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर खाते से 50 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश आया। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ और वह तुरंत गुमला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले किसी भी व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम नंबर, पिन या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें।
Source link