जामताड़ा | उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को सामाजिक सुरक्षा कोषांग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी पात्र लाभुकों को समय पर पेंशन राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मृत, अयोग्य एवं लापता पेंशनधारियों के सत्यापन, विलोपन और रिकवरी की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, आधार सीडिंग, बैंक खाते की त्रुटियों, फेल्ड पेमेंट, राष्ट्रीय परिवार हित लाभ योजना, पीजी पोर्टल (सीपी ग्राम्स) तथा जनता दरबार से जुड़े मामलों के शीघ्र निष्पादन पर भी जोर दिया। बैठक में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग कयूम अंसारी ने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में भौतिक सत्यापन के बाद 1,52,720 लाभुकों के अप्रैल, मई और जून माह की तीन माह की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेज दी गई है। इसी प्रकार सर्वजन पेंशन योजना के तहत 1,05,022 लाभुकों को तीन माह की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई है। इनमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 79,118, निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के 12,815, आदिम जनजाति पेंशन योजना के 1,215, एचआईवी/एड्स पीड़ित सहायता पेंशन योजना के 74 तथा स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 11,900 लाभुक शामिल हैं। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ सहित सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Source link