Last Updated:
Camel Milk Ice Cream: बीकानेर स्थित राष्ट्रीय ऊंट अनुसंधान केंद्र ने पर्यटकों के लिए एक अनोखी सौगात पेश की है. बढ़ती मांग को देखते हुए अब ऊंटनी के दूध से बनी ‘राजभोग’ आइसक्रीम तैयार की गई है, जो स्वाद और पोषण का शानदार मेल मानी जा रही है. ऊंटनी के दूध में मौजूद पोषक तत्वों के कारण इसे स्वास्थ्य के लिहाज से भी लाभकारी माना जाता है. पहले यहां चॉकलेट, वनीला और अन्य फ्लेवर उपलब्ध थे, लेकिन अब पारंपरिक भारतीय स्वाद को ध्यान में रखते हुए राजभोग फ्लेवर जोड़ा गया है. बीकानेर आने वाले पर्यटक इस खास आइसक्रीम का स्वाद लेने के लिए उत्साहित हैं. यह नई पहल न केवल ऊंटनी के दूध से बने उत्पादों को बढ़ावा देगी, बल्कि राजस्थान के पर्यटन और स्थानीय खाद्य नवाचार को भी नई पहचान दिलाएगी.
बीकानेर. राष्ट्रीय ऊंट अनुसंधान केंद्र (एनआरसीसी), बीकानेर ने पर्यटकों की मांग और सुझावों को ध्यान में रखते हुए ऊंटनी के दूध से तैयार एक नया आइसक्रीम फ्लेवर विकसित किया है. अब तक केंद्र में आने वाले पर्यटकों को ऊंटनी के दूध से बनी वनीला फ्लेवर की आइसक्रीम परोसी जाती थी, लेकिन लगातार मिल रहे सुझावों के बाद वैज्ञानिकों ने एक नया और आकर्षक फ्लेवर तैयार किया है, जिसका नाम ‘राजभोग’ रखा गया है.
केंद्र की डेयरी टेक्नोलॉजी एंड प्रोसेसिंग यूनिट की ओर से तैयार की गई इस विशेष आइसक्रीम में स्वाद और पौष्टिकता का अनोखा मेल देखने को मिलता है. राजभोग फ्लेवर को खास बनाने के लिए इसमें विभिन्न प्रकार के ड्राई फ्रूट्स, नट्स, फ्रूट्स और अन्य प्राकृतिक फ्लेवर का उपयोग किया गया है. इससे आइसक्रीम का स्वाद और भी समृद्ध हो गया है.
दूध की आइसक्रीम भी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय
वैज्ञानिक मितुल कुमार ने बताया कि इस नए फ्लेवर को विकसित करने में करीब चार से पांच दिन का समय लगा. सही स्वाद, गुणवत्ता और बनावट सुनिश्चित करने के लिए कई चरणों में परीक्षण किए गए, जिसके बाद इसे अंतिम रूप दिया गया.
राष्ट्रीय ऊंट अनुसंधान केंद्र देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र है. यहां आने वाले पर्यटक ऊंट सफारी, ऊंट संग्रहालय और ऊंटनी के दूध से बने विभिन्न उत्पादों का अनुभव लेते हैं. ऊंटनी के दूध की आइसक्रीम भी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है.
पर्यटकों के बीच आकर्षण का नया केंद्र
केंद्र का मानना है कि पर्यटकों के सुझावों के आधार पर नए उत्पाद विकसित करने से न केवल उनके अनुभव में बढ़ोतरी होगी, बल्कि ऊंटनी के दूध से तैयार उत्पादों को भी नई पहचान मिलेगी. ‘राजभोग’ फ्लेवर की यह नई आइसक्रीम स्वाद के साथ-साथ ऊंटनी के दूध के पोषण गुणों का भी बेहतरीन मिश्रण है और आने वाले दिनों में पर्यटकों के बीच आकर्षण का नया केंद्र बनने की उम्मीद है.
About the Author
Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें