भास्कर न्यूज़| रामगढ़ शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोआर्डिनेशन समिति की बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत भी मौजूद रहे।स्थापना उप समाहर्ता सह प्रभारी सामान्य शाखा पदाधिकारी रीना कुजूर ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उपायुक्त ने पूरे जिले में योजनाबद्ध तरीके से दवा दुकानों में सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। वैसी सभी दवाएं जिनका इस्तेमाल नशे के लिए हो सकता है, उनकी बिक्री और स्टॉक का प्रतिवेदन नियमित रूप से जिला स्तर पर उपलब्ध कराना होगा। नशे के व्यापार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी। रामगढ़ के सार्वजनिक क्षेत्रों में रात के समय युवाओं और असामाजिक तत्वों द्वारा नशा करने पर डीसी ने सख्ती दिखाई। सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष ध्यान देने, सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को विद्यालयों के 100 मीटर परिधि में नशीली पदार्थों के विरुद्ध व्यापक जांच अभियान चलाने को कहा। दोषी दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रामगढ़ को नशा मुक्त बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी से काम करने को कहा गया। रोस्टर तैयार कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। उपायुक्त ने देश के अन्य क्षेत्रों में नारकोटिक्स के खिलाफ हुए सराहनीय प्रयासों के उदाहरण देकर अधिकारियों को प्रेरित किया।मौके पर जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित अन्य मौजूद थे।
Source link