![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल का शनिवार को 38वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह के साथ मनाया। शुरुआत अतिथियों के तिलक एवं पौधा भेंट कर पारंपरिक स्वागत से हुई। विद्यार्थियों के स्वागत गीत और विद्यालय के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटने की रस्म ने समारोह को यादगार बना दिया। प्रधानाचार्या पी. शैलजा जयकुमार ने विद्यालय की 38 वर्षों की गौरवशाली यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हर कार्य उत्कृष्टता के साथ करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता कोई मंजिल नहीं, बल्कि निरंतर सीखने, समर्पण और ईमानदारी की यात्रा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों ने अर्पिता घोष एवं अनामिका झा के निर्देशन में ऊर्जावान हनुमान चालीसा की प्रस्तुति दी। इसके अलावा गोवा के लोकनृत्य और शिल्पा एस. के निर्देशन में प्रस्तुत मोहिनीअट्टम ने भारतीय संस्कृति की विविधता और सौंदर्य को जीवंत कर दिया। समारोह में कक्षा 1 से 12 तक के शैक्षणिक टॉपर्स, विषयवार टॉपर्स तथा जेईई मेन एवं जेईई एडवांस्ड में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 1 से 5 के विद्यार्थियों को अचीवर्स अवार्ड तथा कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों को स्कॉलर बैज एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विद्यालय के कर्मचारी संजय कुमार को 25 वर्ष की उत्कृष्ट सेवा के लिए विशेष सम्मान दिया गया। चेयरमैन पी. राजगोपाल ने विद्यार्थियों से अनुशासन, विनम्रता और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। निदेशक डॉ. एसएस महापात्रा ने शिक्षा को जीवन की सबसे मूल्यवान उपलब्धि बताते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, परिश्रम और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। समारोह में उपाध्यक्ष शशीन्द्रन करात, मोहनन आर नायर, महासचिव ईएस सुसीलन, कोषाध्यक्ष बालाचंद्रन, निदेशक मंडल के सदस्य सुरेश कुमार केए, डॉ. सुरेश बाबू आदि उपस्थित रहे।
Source link