Last Updated:
एक्सीडेंट के कारण समृद्धि महामार्ग पर काफी देर तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. मौके पर पहुंचे पुलिस कप्तानों ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को हाईवे से हटाया और स्थिति को संभाला. इसके बाद सभी मृतकों के शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
अमरावती. महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर रविवार सुबह ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार कार कुछ ही सेकंड में मौत का मंजर बन गई और एक ही परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं. ट्रक से हुई भीषण टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक मासूम बच्ची शामिल हैं. इस भयावह हादसे ने एक बार फिर समृद्धि महामार्ग पर तेज रफ्तार के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमरावती के धामणगांव रेलवे तहसील से गुजरने वाले समृद्धि महामार्ग पर यह भीषण हादसा हुआ. पुलिस के अनुसार, नागपुर से मुंबई की ओर जा रही एक कार तेज रफ्तार ने सामने चल रहे ट्रक को टक्कर मारी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक चंद्रपुर जिले के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य थे. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. हादसे के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ.
मौके पर पहुंचने बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला. इसके बाद सभी लोगों के शव को अस्पताल के लिए भेजा. समृद्धि महामार्ग पर हुए इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
इससे पहले, महाराष्ट्र के सांगली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सुधीर गाडगिल की कार शनिवार को दुर्घटना का शिकार हो गई. हालांकि, कार के एयरबैग समय पर खुलने से बड़ा हादसा टल गया. इस हादसे में उनकी उंगली में हल्की चोट आई. मिली जानकारी के अनुसार, सुधीर गाडगिल म्हैशल से सांगली की ओर आ रहे थे. अर्जुनवाड़ सर्विस रोड पर अचानक एक टू-व्हीलर सवार उनकी कार के सामने आ गया, जिससे जोरदार टक्कर हो गई.दुर्घटना में टू-व्हीलर सवार घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें