रामगढ़. झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं. रामगढ़-बोकारो एनएच-23 पर रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी बुद्ध बाजार के पास कोयला लदे तेज रफ्तार ट्रक ने एक सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में पहले सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान रांची स्थित रिम्स में दम तोड़ दिया. इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है.
शादी समारोह में बाजा बजाने जा रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग ताशा (बाजा) पार्टी के सदस्य थे. वे एक शादी समारोह में बाजा बजाने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और अधिकांश लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
रिम्स में इलाज के दौरान हुई आठवें व्यक्ति की मौत
अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक, हादसे में कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था. इनमें सात लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल था. घायल की हालत बेहद नाजुक थी और सिर में गंभीर चोट लगी थी. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान पप्पू कर्माली के रूप में हुई है.
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:
हेमंत महतो
मनीष कुमार
अमोद कुमार
शक्ति कालिंदी
अशोक कालिंदी
विशाल कर्माली
पवन कर्माली
पप्पू कर्माली
ट्रक चालक मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया. पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं. लोगों ने आरोप लगाया कि इस सड़क पर कई ब्लैक स्पॉट होने के बावजूद प्रशासन की ओर से दुर्घटनाएं रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ.
सड़क सुरक्षा के लिए उठी मांग
घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में हाईमास्ट लाइट, स्पीड कंट्रोल सिस्टम, स्पीड गन और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है. साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की भी मांग उठी है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में ओवरटेक के दौरान ट्रक की टक्कर से हादसा होने की बात सामने आई है. फरार चालक की तलाश जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.